पंजाब से बिहार जा रहे छह प्रवासी श्रमिकों की उत्तर प्रदेश में बस से कुचल कर मौत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि यह घटना बुधवार रात साढ़े 10 बजे घलौली नाका और रोहना टोल प्लाजा के बीच हुई।
मुज्जफरनगर/लखनऊ (उप्र) , 14 मई लॉकडाउन के चलते पंजाब से बिहार पैदल लौट रहे छह प्रवासी मजदूरों की उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर उत्तर प्रदेश परिवहन की एक बस से कुचल कर मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि यह घटना बुधवार रात साढ़े 10 बजे घलौली नाका और रोहना टोल प्लाजा के बीच हुई।
पुलिस ने बताया कि बस चालक राजबीर सिंह को उसके सहयोगियों सतीश चंद्र और अनिल शर्मा के साथ गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि चालक की मेडिकल जांच में यह पुष्टि हुई है कि वह घटना के वक्त शराब के नशे में था।
उत्तर प्रदेश रोडवेज की यह बस प्रवासी श्रमिकों को उनके घर छोड़ने के बाद सहारनपुर से आगरा लौट रही थी।
लखनऊ में एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख प्रकट किया है और प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
पुलिस ने बताया कि मृतक श्रमिकों की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी गुड्डु (18) और पटना के वीरेंद्र सिंह (28) के रूप में पहचान की गई है। चार अन्य मृतकों में हरेक सिंह (52), उनका बेटे विकास (22) के अलावा वासुदेव (22) और हरीश साहनी (42) हैं, ये सभी गोपालगंज से हैं।
उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
अतिरिक्त जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पीटीआई- से कहा कि छह शवों को पोस्टमार्टम के बाद दिन में दो एंबुलेंसों में उनके घर भेज दिया गया। साथ में एक पुलिस वाहन भी भेजा गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)