देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के बदायूं में भीषण सड़क हादसे में छह की मौत, पांच घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित मुजरिया क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह दीपावली मनाने घर जा रहे छह लोगों की एक भीषण हादसे में मौत हो गई तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
बदायूं, 31 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित मुजरिया क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह दीपावली मनाने घर जा रहे छह लोगों की एक भीषण हादसे में मौत हो गई तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सभी नोएडा से एक लोडर में बैठकर उझानी क्षेत्र स्थित अपने गांव जा रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नोएडा से दीपावली मनाने कुछ लोग अपने घर आ रहे थे। सुबह करीब सात बजे उनका लोडर मुजरिया कस्बे के पास पहुंचा तभी गांव से निकली एक ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने भी लोडर में पीछे से टक्कर मार दी और डिवाइडर में जा टकरायी। हादसे के बाद कार सवार वहां से भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोडर की भिड़ंत पहले गांव की रोड से अचानक निकलकर राजमार्ग पर आए ट्रैक्टर ट्रॉली से हुई थी। उसके बाद कार ने टेंपो में टक्कर मारी। इस हादसे में छह लोगों की मौत का समाचार है, जिसमें एक गर्भवती महिला भी शामिल बताई जा रही है।
हादसे के बाद जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह भी वहां पहुंच गए। इस वीभत्स घटना के बाद मौके पर इतना खून और मांस के लोथड़े सड़क पर फैल गए कि पुलिस को उन्हें पुआल डालकर ढकना पड़ा।
पुलिस के अनुसार मरने वालों की पहचान मिर्जापुर निवासी अतुल (31), बरेली के रहने वाले कन्हाई (35), उनकी पत्नी कुसुम (30), बेटा कार्तिक (आठ) और बेटी शीनू (पांच) के रूप में हुई है। अभी एक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं जिन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
एक बयान मुताबिक मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 31, 2024 02:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

