एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | तेजस्वी के आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन की छह घंटे तक बैठक; बिहार चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने शनिवार को यहां एक लंबी बैठक की, जिसमें अन्य मुद्दों के अलावा इस वर्ष के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा हुई।

देश की खबरें | तेजस्वी के आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन की छह घंटे तक बैठक; बिहार चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा

पटना, 12 जुलाई बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने शनिवार को यहां एक लंबी बैठक की, जिसमें अन्य मुद्दों के अलावा इस वर्ष के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा हुई।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के आवास पर यह बैठक करीब छह घंटे तक चली।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हां, सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है। लेकिन मैं अभी और विवरण नहीं दे सकता। विचार-विमर्श एक आंतरिक मामला है और जब चीजें अंतिम रूप ले लेंगी, तो हम इसे सार्वजनिक कर देंगे।’’

उनके ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार होने की संभावना है।

राष्ट्रीय जनता दल(राजद) नेता ने यह भी आरोप लगाया कि जद(यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ‘‘नकलची’’ है जो युवा आयोग के गठन और वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाने जैसे उनके विचारों को चुरा रही है।

तेजस्वी ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि ‘माई बहिन सम्मान योजना’ भी जल्द ही उनके द्वारा नकल कर ली जाएगी।’’

उन्होंने वादा किया है कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर वह राज्य की महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भत्ता देंगे।

तेजस्वी ने दावा किया कि लोग राजग सरकार से तंग आ चुके हैं, जिसमें ‘‘दूरदर्शिता’’ का अभाव है और वह कानून-व्यवस्था बनाये रखने में असमर्थ है।

उनका ध्यान जब इस ओर आकृष्ट कराया गया कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जैसे राजग सहयोगी भी बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करने लगे हैं, तो राजद नेता ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘उन्हें केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि बिहार में ‘जंगल राज’ है।’’

‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी और तीन वाम दलों के नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद सहनी ने पत्रकारों से बातचीत की और कहा, ‘‘हां, सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है। हम अभी इस बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं कर सकते। लेकिन यह कहना चाहूंगा कि अन्य मुद्दे भी थे, जैसे समन्वय समिति का गठन करना और यह सुनिश्चित करने की रणनीति कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कोई गड़बड़ी न हो।

सहनी ने कहा, ‘‘हम एसआईआर के बिल्कुल खिलाफ हैं। लेकिन जब तक उच्चतम न्यायालय अंतिम फैसला नहीं सुना देता, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इस कवायद के दौरान सभी निर्देशों का पालन किया जाए।’’

सहनी ने 2020 का विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर लड़ा था, लेकिन एक साल के भीतर ही भाजपा से उनका नाता टूट गया।

बॉलीवुड सेट डिजाइनर रह चुके सहनी से यह भी पूछा गया कि क्या इस बारे में निर्णय लिया गया है कि यदि तेजस्वी शीर्ष पद पर आसीन होते हैं तो उपमुख्यमंत्री कौन होगा।

अपनी महत्वाकांक्षाओं को कभी नहीं छिपाने वाले सहनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘‘और कौन, मेरे सिवा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 10:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).