विदेश की खबरें | पाकिस्तान में गैस सिलेंडर विस्फोट के कारण इमारत गिरने से छह लोगों की मौत, 10 अन्य घायल
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, नौ जुलाई पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रविवार को गैस सिलेंडर में विस्फोट हो जाने से तीन मंजिला इमारत ढह जाने पर कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब प्रांत के झेलम में ग्रैंड ट्रंक (जीटी) रोड पर स्थित तीन मंजिला होटल की इमारत उसकी रसोई में सिलेंडर फटने के बाद ढह गई।

टेलीविजन चैनल जियो न्यूज ने झेलम के उपायुक्त समीउल्लाह फारूक के हवाले से बताया कि छह लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जबकि 10 घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

समीउल्लाह फारूक ने कहा, ‘‘बचाव अभियान जारी है और हमारी टीम यहां मौजूद है। मलबे के नीचे चार-पांच लोगों के फंसे होने की आशंका है।’’

उन्होंने कहा कि बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पूरा मलबा नहीं हटा दिया जाता।

इसके एक दिन पहले, पंजाब के सरगोधा जिले में एक वाहन के गैस सिलेंडर में विस्फोट हो जाने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी और 14 अन्य घायल हो गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)