देश की खबरें | बिश्केक में स्थिति सामान्य हुई : भारतीय दूतावास

नयी दिल्ली, 22 मई किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को कहा कि राजधानी में हालात सामान्य हो गये हैं। बिश्केक में कुछ दिन पहले भीड़ ने विदेशी नागरिकों को निशाना बनाया था, जिससे वहां रह रहे भारतीय विद्यार्थियों को लेकर चिंताएं पैदा हो गईं थीं।

भारत ने पिछले सप्ताह हुई हिंसा की घटनाओं के बाद बिश्केक में अपने विद्यार्थियों को घर के अंदर रहने के लिए कहा था।

वर्तमान में लगभग 17 हजार भारतीय विद्यार्थी किर्गिस्तान में हैं और उनमें से अधिकांश बिश्केक में रह रहे हैं।

भारतीय मिशन ने एक बयान में बताया कि दूतावास ने बिश्केक में विदेशी विद्यार्थियों के खिलाफ हिंसा की हालिया घटनाओं को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि किर्गिस्तान अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई के कारण बिश्केक में स्थिति सामान्य हो गई है।

बयान के मुताबिक, ''पिछले कुछ दिनों से बिश्केक में कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। परिवहन और लोगों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर कक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जा रही हैं।''

दूतावास ने विद्यार्थियों और उनके परिवारों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)