जरुरी जानकारी | सीतारमण की सोमवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों, वित्त मंत्रियों के साथ बैठक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सोमवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों, वित्त मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी।

नयी दिल्ली, 12 नवंबर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सोमवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों, वित्त मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी।

इस बैठक में अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद करने के लिए निजी निवेश को आकर्षित करने के उपायों पर चर्चा की जायेगी।

वित्त सचिव टी.वी सोमनाथन ने संवाददाताओं को बताया कि यह बैठक कोविड-19 की दो लहरों के बाद अर्थव्यवस्था में तेजी से पुनरुद्धार और केंद्र सरकार के पूंजी व्यय पर जोर को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई है।

उन्होंने राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वित्त मंत्रियों के साथ सीतारमण की बैठक के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि चर्चा का केंद्र राज्य स्तर के ऐसे मुद्दे, अवसर और चुनौतियां होंगी, जिनके जरिये हम ऊंचा निवेश और वृद्धि हासिल कर सकते हैं।

सचिव ने कहा, ‘‘सरकार पूंजीगत व्यय कर रही है और निजी क्षेत्र की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन बड़े पैमाने पर अभी तक यह वास्तविक निवेश में तब्दील नहीं हुआ है। हालांकि, पूंजी व्यय बड़े पैमाने पर निवेश की संभावना को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत निवेश के लिए आकर्षक स्थान बनता जा रहा है...निजी क्षेत्र से सकारात्मक प्रतिक्रिया आ रही है। साथ ही भू-राजनीतिक घटनाक्रम भी भारत के पक्ष में हैं।’’

वही आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव अजय सेठ ने शुक्रवार को बताया कि बैठक के दौरान निजी निवेश आकर्षित करने के लिए भूमि, जल से जुड़े नियमों को सुगम बनाने पर विचार किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\