कोलंबो, तीन नवंबर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को श्रीलंकाई रुपया-भारतीय रुपया के बीच सीधे व्यापार शुरू करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की सराहना की।
एसबीआई श्रीलंका में पहला विदेशी बैंक है, जो सफलतापूर्वक यह सेवा मुहैया करा रहा है।
सीतारमण श्रीलंका की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। उन्होंने उत्तरी प्रांत के गवर्नर पी एस एम चार्ल्स के साथ जाफना में दूसरी एसबीआई शाखा का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान एसबीआई के चेयरमैन दिनेश खारा और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले भी मौजूद थे।
वित्त मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर लिखा, ''केंद्रीय वित्त मंत्री ने श्रीलंका में प्रत्यक्ष एलकेआर-आईएनआर व्यापार सफलतापूर्वक शुरू करने वाला पहला विदेशी बैंक बनने के लिए एसबीआई की सराहना की।''
मंत्रालय ने कहा कि इस पहल को स्थानीय कॉरपोरेट के बीच लोकप्रियता मिली है और साथ ही श्रीलंका के आयातकों ने अमेरिकी डॉलर पर निर्भर हुए बिना श्रीलंकाई अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण समर्थन दिया है।
सीतारमण ने कहा कि जाफना की शाखा श्रीलंका के उत्तरी प्रांतों में उभरती व्यावसायिक संभावनाओं को पूरा करेगी।
वित्त मंत्री ने बृहस्पतिवार को त्रिंकोमाली में एक और एसबीआई शाखा का उद्घाटन किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY