निर्मला सीतारमण ने श्रीलंका के त्रिंकोमाली में एसबीआई की शाखा का किया उद्घाटन
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को श्रीलंका के पूर्वी बंदरगाह शहर त्रिंकोमाली का दौरा किया और वहां उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक शाखा का उद्घाटन किया. सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार में कॉरपोरेट जगत को समर्थन देने में एसबीआई की भूमिका की सराहना भी की. सीतारमण श्रीलंका की तीन दिन की यात्रा पर हैं.
कोलंबो, 2 नवंबर : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने बृहस्पतिवार को श्रीलंका के पूर्वी बंदरगाह शहर त्रिंकोमाली का दौरा किया और वहां उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक शाखा का उद्घाटन किया. सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार में कॉरपोरेट जगत को समर्थन देने में एसबीआई की भूमिका की सराहना भी की. सीतारमण श्रीलंका की तीन दिन की यात्रा पर हैं. त्रिंकोमाली में भारतीय स्टेट बैंक की एक शाखा खोलने से पहले बहु-जातीय शहर में मुख्य हिंदू मंदिर में जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करके उन्होंने अपने दिन की शुरुआत की. उद्घाटन समारोह में पूर्वी प्रांत के गवर्नर सेंथिल तोंडामन, श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बागले और एसबीआई के अध्यक्ष दिनेश खारा उपस्थित रहे.
शाखा का उद्घाटन करने के बाद सीतारमण ने एसबीआई की सराहना की और कहा कि अपनी 159 वर्षों की महत्वपूर्ण उपस्थिति के साथ यह श्रीलंका का सबसे पुराना बैंक है और देश तथा विदेश में अपना कारोबार बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान यहां एसबीआई की उपस्थिति ने भारत द्वारा श्रीलंका को एक अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण सुविधा के सुचारू विस्तार का मार्ग प्रशस्त किया. इसके अलावा एसबीआई श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय व्यापार में कॉरपोरेट जगत का समर्थन करके महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. यह भी पढ़ें : अहमदाबाद के गांधी आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, चलाया चरखा, राष्ट्रपिता को किया याद
सीतारमण ने बाद में बंदरगाह शहर में लंका इंडियन ऑयल कंपनी परिसर का दौरा भी किया. सीतारमण की यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही जब दोनों देशों के बीच आर्थिक तथा प्रौद्योगिकी सहयोग समझौते (ईटीसीए) पर 12वें दौर की बैठक लंबे अंतराल के बाद आयोजित की गईं. यह वार्ता 2018 से रुकी थी. जुलाई के अंत में श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की दिल्ली यात्रा के बाद 30 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच यह वार्ता की गई.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 02, 2023 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

