एजेंसी न्यूज

IND vs ENG 3rd Test: भारतीय गेंदबाजों की आंधी में उड़े इंग्लिश बल्लेबाज, महज 319 पर सिमटी इंग्लैंड की पूरी टीम; मोहम्मद सिराज ने चटकाए 4 विकेट

मोहम्मद सिराज के चार विकेट तथा कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा के दो दो विकेट झटकने से इंग्लैंड की टीम शनिवार को यहां भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में 71.1 ओवर में 319 रन पर सिमट गयी.

IND vs ENG 3rd Test: भारतीय गेंदबाजों की आंधी में उड़े इंग्लिश बल्लेबाज, महज 319 पर सिमटी इंग्लैंड की पूरी टीम; मोहम्मद सिराज ने चटकाए 4 विकेट
टीम इंडिया (Photo Credits: BCCI/Twitter)

राजकोट, 17 फरवरी: मोहम्मद सिराज के चार विकेट तथा कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा के दो दो विकेट झटकने से इंग्लैंड की टीम शनिवार को यहां भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में 71.1 ओवर में 319 रन पर सिमट गयी. गेंदबाजों के शानदार प्रयास से भारत ने पहली पारी के हिसाब से 126 रन की बढ़त बनायी. यह भी पढ़ें: IND vs ENG: यशस्वी जयसवाल ने लपका कैच, जसप्रित बुमराह की गेंद पर जो रूट हुए आउट

भारत ने रोहित शर्मा और जडेजा के शतकों की बदौलत पहली पारी में 445 रन बनाये थे. इंग्लैंड ने लंच तक पांच विकेट पर 290 रन बना लिये थे लेकिन इसके बाद सिराज ने बेन फोक्स, रेहान अहमद और जेम्स एंडरसन के विकेट झटक लिये. वहीं जडेजा ने खतरानक दिख रहे बेन स्टोक्स (41) और टॉम हार्टले के विकेट प्राप्त किये.

इंग्लैंड ने सुबह दो विकेट पर 207 रन से खेलना शुरू किया. सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने रात की 133 रन की पारी को 153 रन में तब्दील किया. उनकी 151 गेंद की शानदार पारी में 23 चौके और दो छक्के जड़े थे. वह बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप का शिकार हुए जिन्होंने लंच से पहले दो विकेट झटके थे.

इंग्लैंड ने अपने अनुभवी खिलाड़ी जो रूट (18) का विकेट गंवा दिया जो रात के स्कोर में नौ रन ही जोड़ सके। वह जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रिवर्स शॉट खेलकर दूसरी स्लिप में खड़े यशस्वी जायसवाल को कैच दे बैठे. 21 पारियों में यह नौवीं दफा है जब बुमराह ने इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाज का विकेट झटका हो.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 17, 2024 01:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).