देश की खबरें | गायक पापोन को अस्पताल से मिली छुट्टी

मुंबई, 14 मई पिछले सप्ताह पेट की बीमारी के चलते यहां अस्पताल में भर्ती कराये गये गायक पापोन को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। गायक ने रविवार को अपने प्रशंसकों को उनकी शुभेच्छाओं के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह ‘अब बहुत अच्छा महसूस’ कर रहे हैं।

वह अब कथित रूप से अपने परिवार के साथ ब्रिटेन जा रहे हैं। उनका असली नाम अंगराग महंत है और वह 47 साल के हैं।

पापोन ने इंस्टाग्राम पर अपने प्रशंसकों को अपनी तबीयत के बारे में बताया।

उन्होंने लिखा, ‘‘चीजें चलती रहनी चाहिए। मेरे स्वस्थ होने के लिए आपकी शुभेच्छाओं के लिए आप सभी को धन्यवाद। आपका प्यार पाकर अभिभूत हो गया। आप सभी को भी मेरा प्यार।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अब काफी ठीक हूं और सीधे हवाई अड्डा जा रहा हूं। चिंता मत कीजिए। घर से ‘दाल खिचड़ी’ लेकर जा रहा हूं।’’

पापोन ‘‘जिये क्यों’’ (‘‘दम मारो दम’’) ,‘‘ क्यों ना हम तुम’’ (‘‘बर्फी’’) और ‘‘मोह मोह के धागे’’ (‘‘दम लगा के हैंसा’’) जैसे गानों के लिए जाने जाते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)