खेल की खबरें | सिंधू, श्रीकांत, प्रणय ऑस्ट्रेलिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत के चोटी के खिलाड़ियों पीवी सिंधू, किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय ने गुरुवार को यहां विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करके ऑस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
सिडनी, तीन अगस्त भारत के चोटी के खिलाड़ियों पीवी सिंधू, किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय ने गुरुवार को यहां विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करके ऑस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
इस सत्र में सात प्रतियोगिताओं में पहले दौर में बाहर होने वाली पांचवीं वरीयता प्राप्त सिंधू ने महिला एकल के दूसरे दौर में हमवतन आकर्षी कश्यप को आसानी से 21-14, 21-10 से पराजित किया।
ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली सिंधू का क्वार्टर फाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिका की बेइवेन झांग से मुकाबला होगा।
पुरुष एकल में श्रीकांत ने चीनी ताइपे के ली यांग सु को 21-10 21-17 से हराया, जबकि छठी वरीयता प्राप्त प्रणय को चीनी ताइपे के यू जेन ची को 21-19 21-19 21-13 से हराने के लिए एक घंटे 14 मिनट तक पसीना बहाना पड़ा।
भारत के उदीयमान खिलाड़ी प्रियांशु राजावत ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चीनी ताइपे के त्ज़ु वेई वांग को 59 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 21-8, 13-21, 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
भारत के दो अन्य खिलाड़ियों मिथुन मंजूनाथ और किरण जॉर्ज को पुरुष एकल में हालांकि हार का सामना करना पड़ा।
पहले दौर में चौथी वरीयता प्राप्त और दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी सिंगापुर के कीन यू लोह को हराने वाले मंजूनाथ मलेशिया के ज़ी जिया ली से 13-21, 21-12, 19-21 से हार गए।
जॉर्ज इंडोनेशिया के शीर्ष वरीयता प्राप्त एंथोनी सिनिसुका गिंटिंग के सामने किसी तरह की चुनौती पेश नहीं कर पाए और सीधे गेम में 15-21, 18-21 से हारकर बाहर हो गए।
प्रणय क्वार्टर फाइनल में गिटिंग से भिड़ेंगे जबकि श्रीकांत का सामना युवा राजावत से होगा।
महिला युगल में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी भी दूसरे दौर में मायू मात्सुमोतो और वकाना नागहारा की चौथी वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी से 10-21, 20-22 से हारकर बाहर हो गई।
यह टूर्नामेंट डेनमार्क के कोपेनहेगन में होने वाली विश्व चैंपियनशिप से पहले आखिरी प्रतियोगिता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 03, 2023 07:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

