एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सिंधू और किरण इंडिया ओपन सुपर 750 के क्वार्टर फाइनल में, सात्विक-चिराग भी आगे बढ़े

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बृहस्पतिवार को इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष एकल में किरण जॉर्ज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उम्मीद बनाये रखी।

देश की खबरें | सिंधू और किरण इंडिया ओपन सुपर 750 के क्वार्टर फाइनल में, सात्विक-चिराग भी आगे बढ़े

नयी दिल्ली, 16 जनवरी दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बृहस्पतिवार को इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष एकल में किरण जॉर्ज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उम्मीद बनाये रखी।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की खिताब की दावेदार जोड़ी ने भी शुरूआती गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए जापान के केन्या मित्सुहाशी और हिरोकी ओकामुरा को 20-22 21-14 21-16 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।

चिराग ने कहा, ‘‘हम आसान गलतियों को नियंत्रित करके गति बढ़ा सकते हैं जो हमें नहीं करनी चाहिए थी। मुझे लगता है कि हम पहले गेम में काफी आराम से आगे बढ़ रहे थे लेकिन खुश हूं कि हम ऐसा कर पाए। मुकाबला थका देने वाला था, फिर भी हम जीतने में सफल रहे। ’’

सिंधू ने जापान की 46वें नंबर की खिलाड़ी मनामी सुइजू को 21-15, 21-13 से हराया। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू अब पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग से भिड़ेंगी।

वहीं पुरुष वर्ग में किरण ने शानदार वापसी करते हुए छह गेम प्वाइंट बचाकर प्री-क्वार्टरफाइनल में एलेक्स लैनियर को 22-20, 21-13 से हराया। किरण अगले दौर में चीन के खिलाड़ी हांग यांग वेंग से भिड़ेंगे।

अन्य नतीजों में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी को हिरोकी मिडोरिकावा और नात्सु साइतो की आठवीं वरीय जोड़ी से 18-21 17-21 से हार गई।

महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और तनीषा तथा रूतुपर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा और मिश्रित युगल में असिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी भी दूसरे दौर में बाहर हो गईं।

किरण एलेक्स के खिलाफ मैच में 1-6 से पिछड़ रहे थे। लेकिन फ्रांसीसी खिलाड़ी की कई सहज गलतियों ने भारतीय खिलाड़ी को वापसी करने का मौका दिया। एलेक्स के शानदार स्मैश के बावजूद किरण डटे रहे और ब्रेक तक तीन अंक की बढ़त बनाने में कामयाबी हासिल की।

किरण ने 14-20 से पिछड़ने के बाद छह गेम प्वाइंट बचाए और फिर शुरुआती गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में किरण ने संघर्ष के बाद 14-11 से बढ़त बनाई। एलेक्स के स्मैश वाइड गए जबकि किरण ने हर मौके का फायदा उठाया। किरण ने 19-13 की बढ़त हासिल की और प्रतिद्वंद्वी की कुछ नेट गलतियों से भारतीय खिलाड़ी मैच जीत लिया।

मैच के बाद किरण ने कहा, ‘‘मैं एक बार में एक अंक पर ध्यान लगाये था। मैं बढ़त के बारे में नहीं सोच रहा था। इससे मुझे पहला गेम जीतने में मदद मिली। मैंने बस संयम बनाये रखा। अब ध्यान अगले मैच पर लगा है। ’’

वहीं महिला एकल में सिंधू ने शानदार शुरुआत की और वह ब्रेक तक 11-6 से आगे थी। हालांकि सुइजू ने थोड़े समय के लिए अंतर को 11-13 और 13-14 तक कम कर दिया लेकिन सिंधू हमेशा बढ़त बनाये रहीं।

भारतीय खिलाड़ी जल्द ही 20-14 से आगे हो गई और सुइजू के नेट में हिट करने पर सिंधू ने गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में सिंधू ने 5-0 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक वह 11-2 से आगे थीं। इसके बाद सुइजू के पास भारतीय खिलाड़ी के दबाव का कोई जवाब नहीं था।

सिंधू ने कहा, ‘‘एक ब्रेक के बाद आज मुझे अपने खेल में जो सबसे अच्छी चीज लगी, वह मेरी फुर्ती और मेरे आक्रामक शॉट्स जो अच्छे थे। मुझे आगे किसी भी चीज के लिए तैयार रहना होगा क्योंकि मैच मुश्किल होते जायेंगे। ’’

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता विक्टर एक्सेलसन ने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन को 21-11 21-14 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू ने एक अन्य मैच में छठी वरीयता प्राप्त जापान के कोडाई नाराओका को 21-12 24-22 से हराया।

पिछले चरण के उपविजेता हांगकांग के ली चेउक यियू ने एक घंटे 16 मिनट में टोमा जूनियर पोपोव को 14-21 21-18 22-20 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

महिला एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त और ओलंपिक चैंपियन आन से-यंग ने थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन को 21-15 21-8 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 16, 2025 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).