देश की खबरें | केरल में एक समान ‘होली मास’ संबंधी परिपत्र जलाये गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एर्णाकुलम-अंगामाली आर्चडायोसिस के तहत यहां स्थित विभिन्न कैथोलिक चर्च में रविवार को एक समान ‘होली मास’ के क्रियान्वयन के संबंध में सिरो-मालाबार चर्च द्वारा जारी ‘अल्टीमेटम’ के खिलाफ आम लोगों के एक वर्ग द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया।
कोच्चि, 16 जून एर्णाकुलम-अंगामाली आर्चडायोसिस के तहत यहां स्थित विभिन्न कैथोलिक चर्च में रविवार को एक समान ‘होली मास’ के क्रियान्वयन के संबंध में सिरो-मालाबार चर्च द्वारा जारी ‘अल्टीमेटम’ के खिलाफ आम लोगों के एक वर्ग द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया।
कुछ चर्च के परिसर में, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं सहित श्रद्धालुओं ने इस संबंध में सिरो-मालाबार कैथोलिक चर्च के प्रमुख राफेल थाटिल और एर्णाकुलम-अंगामाली आर्चडायोसिस के अपोस्टोलिक एडमिंस्ट्रेटर बोस्को पुथूर द्वारा हाल में जारी किए गए एक परिपत्र की प्रतियां फाड़ दीं।
थाटिल एर्णाकुलम-अंगामाली आर्चडायोसिस के प्रमुख आर्चबिशप भी हैं।
कुछ अन्य चर्च में, कुछ व्यक्ति परिपत्र को कचरे के डिब्बे में डालते और उसे जलाते हुए भी देखे गए।
सिरो-मालाबार चर्च ने हाल में उन पादरियों को कैथोलिक चर्च से बाहर निकालने की चेतावनी दी है जो तीन जुलाई से एर्णाकुलम-अंगामाली आर्चडायोसिस में एक समान ‘होली मास’ लागू करने के उसके निर्देश का पालन नहीं करते हैं।
हालांकि, रविवार को प्रदर्शन कर रहे व्यक्तियों ने कहा कि वे एक समान ‘होली मास’ के साथ आगे बढ़ने के ‘साइनोड’ के निर्णय को स्वीकार नहीं करेंगे और चाहते हैं कि इस संबंध में वर्षों पुरानी प्रथा जारी रहे।
एलमकुलम चर्च में विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग श्रद्धालु ने कहा, "‘मास’ (प्रार्थना) हमारे जीवन और आस्था का हिस्सा है। हम इस प्रथा में कोई बदलाव नहीं चाहते, जो वर्षों से जारी है। हम ‘साइनोड’ (धर्मसभा) के निर्देशों को स्वीकार नहीं करेंगे।"
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि वे उन पादरियों को पूर्ण समर्थन देंगे जिन्होंने एक समान ‘मास’ लागू करने के चर्च प्राधिकारियों के निर्णय को अस्वीकार कर दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)