देश की खबरें | सिक्किम: किशोरी से कई माह दुष्कर्म करने के आरोप में आठ लोग गिरफ्तार

गंगटोक, 13 अप्रैल सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में 13 वर्षीय किशोरी से कई माह दुष्कर्म करने के आरोप में चार नाबालिग समेत आठ लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई बाल कल्याण समिति द्वारा शुक्रवार को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। किशोरी के स्कूल ने बाल कल्याण समिति को उसकी स्थिति के बारे में सूचना दी थी।

पुलिस ने बताया कि कक्षा में हमेशा बीमार और कमजोर सी लगने वाली छात्रा ने परामर्श सत्र में अपने इलाके की एक महिला का नाम बताया जो उसे नियमित रूप से घरेलू कामों में मदद करने के लिए बुलाती थी।

पुलिस ने बताया कि किशोरी के बयान के अनुसार महिला ने कथित तौर पर उसे यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया, जिसमें उसका पति भी संलिप्त था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी पता चला कि दो अन्य पुरुषों को भी लाया गया था और लड़की को कथित तौर पर रुपयों के बदले उनके साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया।

पीड़िता ने चार नाबालिगों के नाम भी बताए जो पिछले एक साल से कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न कर रहे थे।

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने महिला, उसके पति और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया, साथ ही चार किशोरों को हिरासत में लिया है।

लड़की फिलहाल बाल कल्याण समिति के संरक्षण में है और उसका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)