एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सिद्धू ने अमरिंदर सिंह पर ‘‘कायर और धोखेबाज’’ होने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें ''धोखेबाज'', ‘‘रोंदू बच्चा’’ और ''कायर'' बताया।

देश की खबरें | सिद्धू ने अमरिंदर सिंह पर ‘‘कायर और धोखेबाज’’ होने का आरोप लगाया

चंडीगढ़, तीन नवंबर कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें ''धोखेबाज'', ‘‘रोंदू बच्चा’’ और ''कायर'' बताया।

सिद्धू ने पूर्व मुख्यमंत्री को ''दगा हुआ कारतूस'' और '' निराशा से भरा'' हुआ करार दिया। सिंह ने एक दिन पहले ही कांग्रेस छोड़कर अपनी नयी पार्टी लोक पंजाब कांग्रेस का ऐलान किया था, जिसके बाद सिद्धू ने सिंह पर हमला बोला है।

इस बीच, पंजाब के मंत्रियों परगट सिंह और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने भी अपनी नयी पार्टी बनाए जाने और कथित तौर पर भाजपा के निकट होने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे त्यागपत्र में सिंह द्वारा अवैध रेत खनन में लिप्त विधायकों की पोल खोलने की ओर संकेत किए जाने पर सिद्धू ने अमृतसर में संवाददाताओं से कहा, ''क्या वह इतने वर्षों से सो रहे थे?''

उन्होंने पूछा कि अगर सिंह के शासनकाल में माफिया था तो पैसा कौन कमा रहा था?

सिद्धू ने अमरिंदर सिंह को ''दुनिया का सबसे बड़ा कायर'' करार देते हुए सवाल उठाया कि अगर कुछ गलत होने के बारे में उन्हें जानकारी थी तो उन्होंने कार्रवाई क्यों नहीं की? एक सवाल के जवाब में सिद्धू ने कहा, '' मैं एक दगे हुए कारतूसों के बारे में बात नहीं करना चाहता।''

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, '' वह एक धोखेबाज व्यक्ति हैं। वह एक रोंदू बच्चा बन गए हैं। ऐसा कहा जाता है कि जब व्यक्ति की उम्र बढ़ती है तो वह बच्चा बन जाता है।''

उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता अब पूर्व मुख्यमंत्री से नफरत करती है। सिद्धू ने दावा किया कि उन्होंने कभी पद का लालच नहीं किया और हमेशा पंजाब के हित के साथ खड़े रहे। सिद्धू ने कहा, '' मैंने हमेशा पंजाब को चुना।''

सिद्धू ने मंगलवार को हुई विधायकों की बैठक का भी जिक्र किया। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि नीतियां दो महीने के लिए नहीं बल्कि पांच वर्षों का रोडमैप हैं।

इस बीच, राज्य के खेल एवं शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने अमरिंदर सिंह की नयी पार्टी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ''उनकी पार्टी ना तो 'पंजाबियों' के लिए है, ना ही 'लोक' के लिए और निश्चित तौर पर 'कांग्रेस' तो नहीं ही है।''

परिवहन मंत्री वारिंग ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने सिद्धू पर पाकिस्तान की यात्रा के दौरान वहां के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख से गले मिलने का जिक्र किया है।

मंत्री ने वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, '' अब आप किसान विरोधी भाजपा के साथ सीटें साझा कर रहे हैं। ये आपके नए सहयोगियों की कुछ तस्वीरें हैं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 03, 2021 07:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).