कटक, 12 दिसंबर सिद्धांत गुप्ता, आयुष शेट्टी और हर्षिल सानी ने सोमवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ओडिशा मास्टर्स 2023 बैडमिंटन टूर्नामेंट के शुरुआती दिन पुरुष एकल स्पर्धा के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के शुरूआती दिन ज्यादातर क्वालीफायर दौर के मुकाबले हुए। इस बीच पुरुष एकल वर्ग पहले दौर के चुनिंदा मैच भी खेले गये।
सिद्धांत ने हेमंत एम गौड़ा पर सीधे गेमों में 21-10, 22-20 से जीत हासिल की लेकिन आयुष को थारुन मन्नेपल्ली को 21-19 16-21 21-14 से हराने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी।
हर्षिल ने भी कड़े मुकाबले में आलाप मिश्रा के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद 18-21, 21-17, 21-15 से जीत दर्ज की।
अन्य मुकाबलों में रवि ने अभिषेक येलिगर को सीधे गेम में 21-11, 21-14 से हराया। दिन के अंतिम मुकाबले में ऋत्विक संजीवी सतीश कुमार ने अरुणेश हरि पर 21-16, 21-11 से आसान जीत दर्ज की।
इससे पहले विशाल वासुदेवन इंडोनेशिया के अलवी फरहान से तीन गेम तक चले मुकाबले में 10-21, 21-9, 16-21 से हार गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY