देश की खबरें | कांग्रेस आलाकमान से मिलने सोमवार को दिल्ली रवाना होंगे सिद्धरमैया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पार्टी आलाकमान के बुलावे पर सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बेंगलुरु, 18 जुलाई कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पार्टी आलाकमान के बुलावे पर सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सिद्धरमैया के करीबी सूत्रों के मुताबिक, वह सोमवार को दिल्ली पहुंचेंगे और विभिन्न नेताओं से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उनके पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में पदाधिकारियों की नियुक्ति और विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा होगी।
सिद्धरमैया की दिल्ली यात्रा इसलिये महत्वपूर्ण है क्योंकि 2023 में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को बहुमत मिलने की स्थिति में चिकपेट से विधायक बी जेड ज़मीर अहमद खान और काम्पली से विधायक जेएन गणेश सहित विधायकों और नेताओं का एक वर्ग राज्य के नेतृत्व के लिये खुले तौर पर उनका समर्थन कर रहा है, जबकि अन्य चाहते हैं कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार इस भूमिका को निभाएं।
मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर खींचतान के मुद्दे ने पार्टी को शर्मिंदा किया है, जो अभी भी विपक्ष में है। सिद्धरमैया की यात्रा के एक हफ्ते बाद, शिवकुमार 26 जुलाई को दिल्ली का दौरा करेंगे।
शिवकुमार ने रविवार को बागलकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि संसद के आगामी सत्र के मद्देनजर रणनीति पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं की राष्ट्रीय स्तर की बैठक होनी है।
कोविड-19 महामारी के बीच 19 जुलाई से 13 अगस्त तक संसद का मॉनसून सत्र आयोजित किया जाएगा।
यह भी पता चला है कि एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी राज्य का दौरा कर यहां पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2021 06:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

