देश की खबरें | सिद्धरमैया ने कांग्रेस विधायकों की नाराजगी दूर करने की कवायद शुरू की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने विधायकों की नाराजगी दूर करने और उनकी शिकायतें सुनने के लिए कांग्रेस विधायकों से आमने-सामने की बैठकें शुरू की हैं।
बेंगलुरु, 30 जुलाई कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने विधायकों की नाराजगी दूर करने और उनकी शिकायतें सुनने के लिए कांग्रेस विधायकों से आमने-सामने की बैठकें शुरू की हैं।
इस पहल का मकसद सत्तारूढ़ पार्टी के अंदर उभरे मतभेदों को दूर करना है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कुछ विधायक अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। कई विधायकों का कहना है कि कांग्रेस सरकार की चुनाव से पहले की पांच गारंटियों को लागू करने के कारण विकास कार्यों में देरी हो रही है।
नाराजगी दूर करने की इस कवायद के तहत सिद्धरमैया ने मंगलवार को मैसूर, चामराजनगर, तुमकुरु, कोडगु, हासन और दक्षिण कन्नड़ जिलों के मंत्रियों और विधायकों के साथ चर्चा की।
बुधवार को उनका बीदर, कलबुर्गी, यादगीर, रायचूर, कोप्पल, विजयनगर और बल्लारी जिलों के विधायकों से मिलने का कार्यक्रम है।
सूत्रों के अनुसार, बैठकों का ये दौर शनिवार तक जारी रहने की संभावना है।
उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार को इन बैठकों में शामिल नहीं किया गया, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल देखी जा रही है।
हालांकि, शिवकुमार ने इस घटनाक्रम को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा विधायकों के साथ बैठक करने पर कोई आपत्ति नहीं है।
शिवकुमार ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री पूरे अधिकार के साथ विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं। मुझे इसमें कोई आपत्ति नहीं है। उन्हें कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला के जरिए विधायकों से प्रतिक्रिया मिली है और अब वह उस पर अमल कर रहे हैं। मैंने भी कुछ विधायकों के साथ, खासकर बेंगलुरु के विकास को लेकर बैठकें की हैं।’’
बैठक में शामिल हुए गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बाद में शाम को संवाददाताओं को बताया कि चर्चा पूरी तरह से विकास कार्यों पर केंद्रित थी।
उन्होंने स्पष्ट किया, ‘‘राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 30, 2025 11:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

