देश की खबरें | धनराशि के अवैध हस्तांतरण को लेकर नागेंद्र पर लगे आरोपों में तथ्यों की समीक्षा कर रहे सिद्धरमैया

बेंगलुरु, 31 मई कर्नाटक के मंत्री बी. नागेंद्र से अवैध धन हस्तांतरण मामले में लगे आरोपों को लेकर इस्तीफा मांगे जाने की अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया तथ्यों की समीक्षा कर रहे।

गृह मंत्री जी परमेश्वर ने भी घोटाला होने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस बात पर निर्णय लेंगे कि अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री नागेंद्र को इस्तीफा देना चाहिए या नहीं।

कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम (केएमवीएसटीडीसी) के बैंक खाते से करोड़ों रुपये का अनधिकृत हस्तांतरण का मामला रविवार शाम को लेखा अधीक्षक चंद्रशेखर के आत्महत्या करने और धन के दुरुपयोग का विवरण देते हुए एक नोट छोड़ने के बाद सामने आया।

उप मुख्यमंत्री शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, "मुख्यमंत्री और मैं तथ्यों की जांच कर रहे हैं। जांच होनी चाहिए। किसी को बचाने का सवाल ही नहीं है। देखते हैं।"

भाजपा ने मंत्री के इस्तीफे के लिए सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है, जिसके बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा, "वे अभी ऐसा (विरोध प्रदर्शन) करें। तब तक इंतजार क्यों ।’’

पता चला है कि ‘यूनियन बैंक ऑफ इंडिया’ की एमजी रोड शाखा में केएमवीएसटीडीसी बैंक खाते से बिना किसी मंजूरी के 88.62 करोड़ रुपये उसी बैंक की अन्य शाखाओं में स्थानांतरित कर दिए गए और फिर यह धनराशि कुछ सॉफ्टवेयर कंपनियों के खातों में स्थानांतरित कर दी गई। निगम के बैंक खाते में कुल 187 करोड़ रुपये थे।

परमेश्वर ने घोटाले के बारे में मांगी गई रिपोर्ट के आधार पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि नागेंद्र के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री फैसला लेंगे।

उन्होंने कहा, "देखते हैं, मुख्यमंत्री फैसला करेंगे।" उन्होंने कहा कि यह सच है कि घोटाला हुआ है।

परमेश्वर ने कहा, "इसकीस पुष्टि करने की आवश्यकता है कि क्या यह मंत्री की जानकारी के बिना हुआ है। हमें यह देखना होगा कि यह किसने किया है। अगर यह मंत्री के संज्ञान में लाकर हुआ है, तो मंत्री ही इसके लिए जिम्मेदार हैं। क्या मंत्री के संज्ञान में लाए बिना ऐसी कई घटनाएं हुई हैं। इसकी जांच होनी चाहिए।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)