विदेश की खबरें | श्रृंगला ने श्रीलंकाई प्रधानमंत्री के साथ ‘सकारात्मक वार्ता’ की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने सोमवार को श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की और उनसे बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने पर ‘सकारात्मक वार्ता’ की।

कोलंबो, चार अक्टूबर विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने सोमवार को श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की और उनसे बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने पर ‘सकारात्मक वार्ता’ की।

श्रृंगला चार दिन की यात्रा पर शनिवार को श्रीलंका पहुंचे। वह राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे से भी मुलाकात कर सकते हैं और भारत तथा श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा कर सकते हैं।

यहां भारतीय उच्चायोग ने बैठक की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने आज प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की और भारत-श्रीलंका साझेदारी को और मजबूत करने पर सकारात्मक वार्ता की।’’

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार श्रृंगला ने कहा, ‘‘कुछ समय पहले ही मैंने प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के साथ बहुत सकारात्मक वार्ता की। वह भारत के प्रगाढ़ मित्र हैं और भारत-श्रीलंका साझेदारी को गहन करने के लिए समर्थन का सतत स्रोत हैं।’’

विदेश सचिव ने कहा कि वह राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे से अपनी मुलाकात को लेकर उत्सुक हैं।

महिंदा राजपक्षे ने ट्वीट कर श्रृंगला से मुलाकात पर प्रसन्नता जताई।

श्रीलंकाई प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘श्रीलंका की सरकार दोनों देशों को परस्पर लाभ पहुंचाने के लिए हमारे पहले से मजबूत संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिहाज से भारत सरकार के साथ काम करने को लेकर आशान्वित है।’’

श्रृंगला ने महात्मा गांधी की 152वीं जयंती के अवसर पर कोलंबो स्थित टेंपल ट्रीज में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, ‘‘महात्मा गांधी की 152वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीलंका के विदेश मंत्री प्रोफेसर जी एल पेइरिस, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, भारत के उच्चायुक्त और अन्य गणमान्यों ने टैंपल ट्रीज में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।’’

श्रृंगला ने रविवार को श्रीलंका के तमिल बहुल उत्तरी प्रांत में जाफना के पलानी हवाई अड्डे का निरीक्षण किया था जहां भारत की सहायता से किये जा रहे विकास कार्यों पर अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\