देश की खबरें | श्रद्धा हत्याकांड: आवाज का नमूना रिकॉर्ड करने के लिए पूनावाला को सीएफएसएल ले जाया गया

नयी दिल्ली, 26 दिसंबर श्रद्धा हत्याकांड मामले में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को उसकी आवाज का नमूना रिकॉर्ड करने के लिए सोमवार को यहां केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) ले जाया गया।

सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को श्रद्धा और पूनावाला के बीच कथित बहस का एक ऑडियो क्लिप मिला था जिसके बाद पूनावाला की आवाज का नमूना रिकॉर्ड किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में तिहाड़ जेल में बंद आरोपी को आवाज का नमूना रिकॉर्ड करने और क्लिप में पुरुष की आवाज से मिलवाने के लिए उसे सीएफएसएल ले जाया गया।

सूत्रों ने यह भी कहा कि जांच दल को दोनों का एक कथित वीडियो मिला है जिसमें पूनावाला कथित तौर पर काउंसलिंग लेते देखा जा सकता है। यह कथित वीडियो मुंबई में शूट किया गया था।

उन्होंने कहा कि लिहाजा जांच टीम पूनावाला का ‘फेस रिकॉग्निशन टेस्ट’ कराने की भी तैयारी में है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान पूनावाला की 3डी तस्वीर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा यह सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है कि वह कथित वीडियो में अपनी मौजूदगी से इनकार नहीं कर सके।

आफताब पूनावाला (28) ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की कथित तौर पर हत्या करके उसके शव के 35 टुकड़े कर दिए थे और उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में फेंक दिया था। पूनावाला ने शव के टुकड़ों को शहर के विभिन्न हिस्सों में फेंकने से पहले उन्हें 300 लीटर के एक फ्रिज में रखा था। पूनावाला को 12 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था।

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को पूनावाला की न्यायिक हिरासत और 14 दिन के लिए बढ़ा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)