ताजा खबरें | 'क्या सरकार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए': राजनाथ का ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर बुधवार को निशाना साधते हुए पूछा कि क्या सरकार को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।
चंडीगढ़, 22 मई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर बुधवार को निशाना साधते हुए पूछा कि क्या सरकार को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।
सिंह लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे थे।
आबकारी नीति मामले से जुड़े धनशोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘केजरीवाल सबसे ईमानदार व्यक्ति होने का दावा करते हैं। अब, वह कहते हैं कि उन्हें मोदी जी ने जेल भेजा है...क्या हमारी सरकार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए?’’
केजरीवाल फिलहाल आम चुनाव के वास्ते चुनाव प्रचार करने के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा एक जून तक दी गई अंतरिम जमानत पर बाहर हैं।
रक्षा मंत्री ने करनाल, कुरूक्षेत्र और भिवानी में प्रचार किया और इस मुद्दे पर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘पहले उसने (कांग्रेस) ईडी और सीबीआई को काम नहीं करने दिया। कांग्रेस के 55 साल के शासनकाल में ईडी, सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले में सिर्फ 32 लाख रुपये जब्त किये थे।’’
सिंह ने मोदी सरकार के तहत की गई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि लेकिन पिछले 10 वर्ष में लगभग 22,000 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए हैं और एक लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए...लेकिन वे इस पर भी उंगली उठा रहे हैं।’’
सिंह ने आपातकाल के दौर को याद करते हुए कहा कि कैसे लोगों को जेलों में डाल दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं तब 24 साल का था और मुझे मिर्जापुर में ढाई महीने की जेल हुई और फिर नैनी केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित कर दिया गया। हम 18 महीने जेल में रहे। उन्होंने लोकतंत्र की हत्या की है।’’
करनाल की रैली में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के पक्ष में प्रचार किया। सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ लागू करने का वादा किया है।
सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने अन्ना हजारे और महात्मा गांधी को धोखा दिया।
उन्होंने कहा कि ‘आप’ नेताओं ने एक बार कहा था कि वे कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन उन्होंने ऐसा किया और अपने मार्गदर्शक अन्ना हजारे को धोखा दिया।
सिंह ने कहा कि आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कहा था कि देश की आजादी का लक्ष्य हासिल हो गया है और कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘आप’ ने अन्ना हजारे की बात नहीं सुनी और कांग्रेस ने ‘‘बापू’’ (महात्मा गांधी) की बात नहीं सुनी।
सिंह ने केजरीवाल के आवास पर ‘आप’ सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले और मामले में केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘वह (मालीवाल) उनकी राज्यसभा सदस्य हैं। उन्हें बुरी तरह पीटा गया। लेकिन वह (केजरीवाल) उनके (बिभव) बारे में एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं।’’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसने (कांग्रेस) लगभग 55 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन गरीबी दूर करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से लेकर मनमोहन सिंह तक ने गरीबी दूर करने की बात की, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने दावा किया कि स्वतंत्र भारत में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही थे जिन्होंने 25 करोड़ भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला।
सिंह ने कहा कि भाजपा जो वादा करती है उसे पूरा करती है। उन्होंने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और ‘तीन तलाक’ के खिलाफ कानून लाने का भी जिक्र किया।
उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण से लाखों ‘‘राम भक्तों’’ का सपना पूरा हुआ।
सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)