देश की खबरें | शिवाजी महाराज महान योद्धा और प्रशासक थे; सरकार उनके सिद्धांतों पर चलने को प्रतिबद्ध : फडणवीस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज न केवल एक महान योद्धा थे, बल्कि एक असाधारण प्रशासक भी थे, जिन्होंने शासन-प्रणाली में सुधार किया और जल प्रबंधन तथा कर-निर्धारण सहित अन्य चीजों में नीतियों को लागू किया।
ठाणे, 18 फरवरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज न केवल एक महान योद्धा थे, बल्कि एक असाधारण प्रशासक भी थे, जिन्होंने शासन-प्रणाली में सुधार किया और जल प्रबंधन तथा कर-निर्धारण सहित अन्य चीजों में नीतियों को लागू किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार शिवाजी महाराज के सिद्धांतों का पालन करने और लोगों के हित के खातिर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
फडणवीस 17वीं सदी के महान योद्धा राजा की जयंती की पूर्व संध्या पर ठाणे जिले के बदलापुर में शिवाजी महाराज की प्रतिमा के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य के लोगों को उन्हें और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा अजीत पवार को राज्य की प्रगति के वास्ते एक और मौका देने के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर कई महिला समर्थकों द्वारा उनका अभिनंदन किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जिसके पास माताओं, बहनों और महिलाओं का समर्थन है, उसे कौन हरा सकता है। पिछले (विधानसभा) चुनाव के नतीजे इसका प्रमाण हैं।’’
उन्होंने कहा कि लोग आज जिस आजादी के साथ जी रहे हैं वह छत्रपति शिवाजी महाराज की देन है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब कई शासक मुगलों के आगे झुक गए, तब शिवाजी महाराज ही थे जिन्होंने अपनी मां जीजाबाई की शिक्षाओं का पालन करते हुए स्वराज्य स्थापित करने और देव, देश और धर्म के लिए लड़ने का संकल्प लिया।’’
फडणवीस ने कहा, ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज का नेतृत्व बहुआयामी था। वह न केवल एक महान योद्धा थे, बल्कि एक असाधारण प्रशासक भी थे, जिन्होंने जल प्रबंधन, किले की योजना, कर-निर्धारण और शासन-प्रणाली में सुधार के लिए नीतियों को लागू किया। उन्होंने महिलाओं के सम्मान रक्षा को सुनिश्चित किया।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी शिवाजी महाराज के सिद्धांतों का पालन करने और लोगों के हित के खातिर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)