एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | शिवसेना विधायक गायकवाड़ ने कैंटीन कर्मी की पिटाई के बाद एआईएमआईएम नेता जलील को पीटने की धमकी दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विधायक हॉस्टल की कैंटीन के कर्मी से मारपीट करने की वजह से चर्चा में आए शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम)नेता इम्तियाज जलील की बुरी तरह पिटाई करने की धमकी दी।

देश की खबरें | शिवसेना विधायक गायकवाड़ ने कैंटीन कर्मी की पिटाई के बाद एआईएमआईएम नेता जलील को पीटने की धमकी दी

छत्रपति संभाजीनगर,11 जुलाई विधायक हॉस्टल की कैंटीन के कर्मी से मारपीट करने की वजह से चर्चा में आए शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम)नेता इम्तियाज जलील की बुरी तरह पिटाई करने की धमकी दी।

गायकवाड़ की यह टिप्पणी जलील द्वारा कैंटीन कर्मचारी पर हमला करने के लिए उनकी आलोचना करने के बाद आई है।

जलील ने भी गायकवाड़ पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने शिवसेना विधायक की चुनौती स्वीकार कर ली है और उनसे स्थान और समय बताने को कहा।

बुलढाणा विधानसभा क्षेत्र से विधायक गायकवाड़, ‘बासी खाना’ परोसने पर कैंटीन के कर्मचारी की पिटाई करने के कारण विवादों में हैं।

विधायक ने मंगलवार रात दक्षिण मुंबई स्थित आकाशवाणी विधायक हॉस्टल कैंटीन से रात का खाना मंगाया था और उनके कमरे में जो दाल-चावल पहुंचाया गया, वह कथित तौर पर बासी था और उसमें से बदबू आ रही थी। इससे नाराज विधायक कैंटीन में घुस गए और एक कर्मचारी को दाल का एक पैकेट सूंघने के लिए मजबूर किया और फिर उसे थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसकी विपक्ष और सरकार दोनों ने व्यापक निंदा की।

एआईएमआईएम के पूर्व सांसद जलील ने गायकवाड़ की आलोचना करते हुए कहा कि एक गरीब व्यक्ति की इस तरह से पिटाई करना ठीक नहीं है।

गायकवाड़ से संवाददाताओं ने जलील की टिप्पणी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘अगर ऐसा है, तो जलील भाई, आपको उस होटल (विधायक छात्रावास कैंटीन) को चलाने का ठेका लेना चाहिए और फिर उस तरह का खाना खिलाना चाहिए। मैंने उस आदमी (कैंटीन कर्मचारी) को दो बार मुक्का मारा। लेकिन मैं इम्तियाज जलील को इतनी बुरी तरह से पीटूंगा कि वह होटल चलाने की स्थिति में नहीं रहेंगे।’’

गायकवाड़ की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्रपति संभाजीनगर से एआईएमआईएम के पूर्व सांसद ने कहा, ‘‘मैं होटल चलाने के मूड में नहीं हूं। लेकिन अगर एक गरीब आदमी वेटर के रूप में काम कर रहा है और सत्तारूढ़ पार्टी का एक विधायक उसे सिर्फ इसलिए पीट रहा है, क्योंकि उसे सही प्रकार का भोजन नहीं मिला...क्या उन्हें नहीं पता कि विधानसभा में नियम बनाए जाते हैं? अगर गायकवाड़ थोड़े पढ़े-लिखे होते, तो वे (भोजन के मुद्दे पर) (विधानसभा) अध्यक्ष को पत्र लिखते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि अध्यक्ष उन्हें गंभीरता से लेते, तो उनकी मांग पर कार्रवाई करते।’’

एआईएमआईएम की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष जलील ने कहा, ‘‘गायकवाड़ का लड़ने का इतिहास रहा है। अगर वह मुझे धमकी दे रहे हैं, तो मुझे समय और जगह बताएं। उन्हें प्रयास करने की जरूरत नहीं है, मैं उस जगह पहुंच जाऊंगा...मेरा संजय गायकवाड़ से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन अगर आप गलत कर रहे हैं...तो मैं उस गरीब व्यक्ति के साथ खड़ा रहूंगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 06:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).