देश की खबरें | रॉबर्ट वाद्रा से जुड़ा शिकोहपुर भूमि सौदा धन शोधन का ‘अनूठा’ मामला : ईडी ने अदालत से कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत से कहा कि हरियाणा के शिकोहपुर में रॉबर्ट वाद्रा से जुड़े भूमि सौदे में कथित अनियमितताएं ‘‘धन शोधन का स्पष्ट और अनूठा’’ मामला है।
नयी दिल्ली, 24 जुलाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत से कहा कि हरियाणा के शिकोहपुर में रॉबर्ट वाद्रा से जुड़े भूमि सौदे में कथित अनियमितताएं ‘‘धन शोधन का स्पष्ट और अनूठा’’ मामला है।
विशेष न्यायाधीश सुशांत चगोत्रा मामले में वाद्रा को नोटिस जारी करने के लिए ईडी की प्रारंभिक दलीलों पर सुनवाई कर रहे थे।
ईडी ने 17 जुलाई को इस मामले में एक आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें वाद्रा का भी नाम है।
ईडी ने दलील दी, ‘‘यह धन शोधन का एक स्पष्ट और अनूठा मामला है। अपराध की आय का उपयोग अचल संपत्तियां हासिल करने के लिए किया गया। साक्ष्य निर्णायक रूप से स्थापित करते हैं कि यह धन शोधन का अपराध है जहां अपराध की आय उत्पन्न होती है और उसका उपयोग किया जाता है।’’
एजेंसी का प्रतिनिधित्व विशेष सरकारी वकील जोहेब हुसैन, विशेष लोक अभियोजक नवीन कुमार मट्टा और अधिवक्ता मोहम्मद फैजान ने किया।
हुसैन ने कहा कि अदालत को इस मामले की सुनवाई का अधिकार है क्योंकि अपराध की आय से जुड़ी गतिविधि राष्ट्रीय राजधानी में हुई थी।
ईडी के वकील ने आरोप लगाया कि ‘स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी’ ने करोड़ों रुपये की तीन एकड़ जमीन खरीदी, जिसके 99 प्रतिशत शेयर वाद्रा के पास हैं।
हुसैन ने कहा, ‘‘बिक्री विलेख में 7.5 करोड़ रुपये का भुगतान करने की झूठी घोषणाएं की गई थीं, जबकि कोई पैसा नहीं दिया गया था।’’
उन्होंने दावा किया कि यह जमीन बाद में डीएलएफ को ज्यादा कीमत पर बेच दी गई।
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 31 जुलाई को तय की है।
धन शोधन का यह मामला गुरुग्राम पुलिस द्वारा सितंबर 2018 में दर्ज की गई एक प्राथमिकी से जुड़ा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वाद्रा ने अपनी कंपनी ‘स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड’ के माध्यम से 12 फरवरी, 2008 को ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड से 7.5 करोड़ रुपये की ‘‘झूठी’’ घोषणा के माध्यम से सेक्टर-83 (गुरुग्राम) के शिकोहपुर गांव में 3.53 एकड़ जमीन धोखाधड़ी से खरीदी थी।
उस समय भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2025 10:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

