नयी दिल्ली, पांच सितंबर रिलायंस समूह की वित्तीय सेवा कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी50 समेत विभिन्न सूचकांकों से बृहस्पतिवार से हटा दिया जाएगा।
जियो फाइनेंशियल के शेयर 21 अगस्त को बीएसई के साथ एनएसई में भी सूचीबद्ध हुए थे। रिलायंस इंडस्ट्रीज से अलग होने के बाद इसे एक अलग कंपनी के रूप में बाजार में सूचीबद्ध किया गया।
सूचीबद्धता प्रावधानों के अनुरूप शेयर भाव में अधिक उतार-चढ़ाव की स्थिति से बचने के लिए जेएफएसएल को एनएसई के कई सूचकांकों का हिस्सा बनाया गया था। इससे शेयर के भाव पर निगरानी रखने में मदद मिली।
हालांकि, लगातार दो कारोबारी सत्रों में शेयर के भाव ऊपरी या निचले सर्किट को नहीं छूने के बाद इसे सूचकांकों से अलग करने का फैसला किया गया है।
एनएसई की अनुषंगी एनएसई इंडिसेस लिमिटेड ने एक बयान में कहा, ‘‘अगर छह सितंबर को भी जियो फाइनेंशियल के भाव सर्किट स्तर को नहीं छूते हैं तो इस शेयर को सूचकांक से अलग करने का फैसला टाला नहीं जाएगा।’’
ऐसा होने पर जेएफएसल को निफ्टी50 के अलावा निफ्टी 100, निफ्टी 200 एवं निफ्टी 500 सूचकांकों से भी हटा दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY