जरुरी जानकारी | शंख एयर उत्तर प्रदेश, अन्य स्थानों में क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने पर कर रही है विचार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश स्थित विमानन कंपनी शंख एयर ने शुरुआत में राज्य की राजधानी लखनऊ से छह गंतव्यों को जोड़ने की योजना बनाई है।
मुंबई, आठ जुलाई उत्तर प्रदेश स्थित विमानन कंपनी शंख एयर ने शुरुआत में राज्य की राजधानी लखनऊ से छह गंतव्यों को जोड़ने की योजना बनाई है।
कंपनी फिलहाल नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से उड़ान के लिए मंजूरी का इंतजार कर रही है।
विमानन कंपनी ने कहा कि वह देश में मौजूदा क्षेत्रीय कंपनियों द्वारा संचालित किए जा रहे टर्बोप्रॉप विमानों के स्थान पर अपने परिचालन के लिए ‘नैरो-बॉडी’ एयरबस ए320 विमानों को पट्टे पर लेने की योजना बना रही है।
बयान के अनुसार, शंख एयर के चेयरमैन श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू से मुलाकात की थी और विमानन कंपनी के सेवा शुरू करने एवं भारत के क्षेत्रीय हवाई संपर्क लक्ष्यों का समर्थन करने के लिए सहयोगात्मक अवसरों पर चर्चा की थी।
विश्वकर्मा ने कहा कि शंख एयर ने उड़ान मंजूरी के लिए आवेदन कर दिया है और डीजीसीए से मंजूरी का इंतजार कर रही है।
विश्वकर्मा ने केंद्रीय मंत्री के साथ अपनी बैठक के बारे में कहा, ‘‘ हम सेवा शुरू करने की तैयारी में हैं। इसलिए हम नीति निर्माताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारी विस्तार योजनाएं राष्ट्रीय विमानन लक्ष्यों के अनुरूप हों।’’
नई विमानन कंपनी शुरुआत में लखनऊ से वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, चित्रकूट, इंदौर और देहरादून के लिए सेवाएं शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि शंख एयर का लक्ष्य उत्तर प्रदेश के वंचित क्षेत्रों को जोड़ना, स्थानीय व्यवसायों, पर्यटन एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 12:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

