देश की खबरें | शमी चौथे टेस्ट में करेंगे वापसी, पिच पूरी तरह स्पिनरों के मुफीद होने की संभावना कम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत के सबसे वरिष्ठ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद में नौ मार्च से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट की अंतिम एकादश में जगह मिलने की उम्मीद है।
नयी दिल्ली, चार मार्च भारत के सबसे वरिष्ठ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद में नौ मार्च से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट की अंतिम एकादश में जगह मिलने की उम्मीद है।
शमी को कार्यभार प्रबंधन के तहत इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट से विश्राम दिया गया था। भारतीय टीम प्रबंधन ने मेडिकल स्टाफ के परामर्श से आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के ज्यादातर मैचों को खेलने वाले और एकदिवसीय विश्व कप की योजना में शामिल तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन की योजना बनाई है।
शमी शुरुआती दो टेस्ट खेले थे और वह एकदिवसीय टीम का भी हिस्सा हैं। इंदौर टेस्ट में टीम में उनकी जगह उमेश यादव को शामिल किया गया था।
शुरुआती तीन टेस्ट में सिराज ने सिर्फ 24 ओवर गेंदबाजी की है और 17 से 22 मार्च तक खेले जाने वाले तीनों एकदिवसीय में उनके अंतिम एकादश में शामिल रहने की संभावना है। ऐसे में उन्हें मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले आखिरी टेस्ट में विश्राम दिया जा सकता है।
शमी इस श्रृंखला में अब तक सबसे बेहतर तेज गेंदबाज रहे है। उन्होंने दो मैचों में 30 ओवर गेंदबाजी की है और सात विकेट चटकाये है। मोटेरा की सूखी पिच पर टीम को उनकी अधिक जरूरत होगी। ऐसी पिच रिवर्स स्विंग के लिए अनुकूल हो सकती है।
भारत चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला 2-1 से आगे चल रहा है और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में सीधे क्वालीफाई करने के लिए उसे इस मुकाबले को जीतना होगा।
इंदौर में होलकर स्टेडियम की पिच को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने ‘खराब’ की रेटिंग दी थी लेकिन गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) इस तरह का कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा।
राज्य संघ के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ हमें (पिच को लेकर) भारतीय टीम प्रबंधन से कोई निर्देश नहीं मिला है और हमारे स्थानीय ‘क्यूरेटर’ सामान्य पिच तैयार कर रहे हैं जैसा कि हमने पूरे सत्र में किया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2023 03:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

