देश की खबरें | शाहबाद डेरी हत्याकांड के आरोपी को अपराध स्थल पर ले जाया गया

नयी दिल्ली, 31 मई दिल्ली पुलिस ने बुधवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेरी क्षेत्र में उसी गली में अपराध के दृश्य को रूपांतरित किया, जहां 20 वर्षीय साहिल ने एक नाबालिग लड़की की निर्मम हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, पुलिस को हत्या के तीन दिन बाद भी अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू नहीं मिला है।

पुलिस ने मृतका के तीन मित्रों के बयान भी दर्ज किए हैं।

सोलह वर्षीय साक्षी को 20 से अधिक बार चाकू मारा गया और फिर सीमेंट के स्लैब से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके शरीर पर चोट के 34 निशान पाए गए और उसकी खोपड़ी कुचली हुई थी।

आरोपी साहिल (20) को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया था।

मामले में एक नयी सीसीटीवी फुटेज सामने आई है जिसमें साक्षी अपनी हत्या से कुछ मिनट पहले सड़क पर टहलती दिखती है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की है और आरोप लगाया है कि हत्या "लव जिहाद" का नतीजा है।

इस बीच, पुलिस साहिल को बुधवार तड़के घटनास्थल पर लेकर पहुंची।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "सुरक्षा चिंताओं के कारण, साहिल को बुधवार तड़के घटनास्थल पर ले जाया गया। हमने घटनाओं के क्रम को समझने और स्थापित करने के लिए अपराध के दृश्य को रूपातंरित किया, ताकि यह पता लग सके कि उसने अपराध को कैसे अंजाम दिया और उसके बाद उसने क्या किया।"

अधिकारी ने कहा कि साहिल ने बताया है कि उसने साक्षी की हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को रिठाला में झाड़ियों में फेंक दिया था। उन्होंने कहा कि चाकू को अभी बरामद किया जाना बाकी है।

पुलिस के मुताबिक, साक्षी के तीन मित्रों- भावना, अजय उर्फ ​​झबरू और नीतू को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था तथा उनके बयान दर्ज किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)