देश की खबरें | शाहबाद डेरी हत्याकांड : आरोपी साहिल को पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को 16 साल की लड़की की 20 से अधिक बार चाकू मारकर और फिर पत्थर से कुचलकर हत्या करने के आरोपी साहिल को पूछताछ के लिए दो दिन तक पुलिस हिरासत में भेजने को अनुमति दे दी।
नयी दिल्ली, 30 मई दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को 16 साल की लड़की की 20 से अधिक बार चाकू मारकर और फिर पत्थर से कुचलकर हत्या करने के आरोपी साहिल को पूछताछ के लिए दो दिन तक पुलिस हिरासत में भेजने को अनुमति दे दी।
सूत्रों ने बताया कि साहिल (20) को ड्यूटी मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ज्योति नैन के समक्ष पेश किया जहां उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हिरासत के दौरान उससे अपराध, उसके उद्देश्य और अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने के बारे में पूछताछ की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि आरोपी को सुरक्षा कारणों से अदालत के सामान्य कामकाजी समय से पहले मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया था कि उत्तरपश्चिम दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में रविवार शाम को साक्षी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गयी थी। उसके शरीर पर चोट के 34 निशान थे और उसकी खोपड़ी फट गयी थी।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने इस आधार पर साहिल की हिरासत मांगी है कि वह बार-बार अपने बयान बदल रहा है और अपराध में इस्तेमाल हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है।
साहिल को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में उसकी बुआ के घर से गिरफ्तार किया गया था। वहां मेडिकल जांच के बाद उसे सोमवार देर रात को राष्ट्रीय राजधानी लाया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)