देश की खबरें | शाह परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारियों की परेड का निरीक्षण करेंगे

हैदराबाद, नौ फरवरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों की 11 फरवरी को होने वाली पासिंग आउट परेड का मुख्य अतिथि के रूप में निरीक्षण करेंगे।

आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह परेड सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में होगी।

एसवीपीएनपीए के निदेशक एएस राजन ने बताया कि दीक्षांत परेड में कुल 195 प्रशिक्षु अधिकारी भाग ले रहे हैं जिनमें से 29 प्रशिक्षु अधिकारी दूसरे देशों के हैं।

इनमें छह भूटान, आठ मालदीव, पांच नेपाल और 10 मॉरिशिस के प्रशिक्षु अधिकारी शामिल हैं।

राजन ने कहा कि कुल प्रशिक्षु अधिकारियों में 37 महिला अफसर हैं। परेड में उनकी कमान केरल कैडर की शाहंशा के.एस के हाथ में होगी।

उन्होंने बताया कि पहली बार प्रशिक्षु अधिकारियों को परास्नातक की डिग्री मिलेगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि अन्य देशों के प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशिक्षण पूरा करने के बाद डिप्लोमा प्रमाण पत्र मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)