शाह ने सीएपीएफ में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता जतायी
सीएपीएफ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस), एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) आते हैं।
नयी दिल्ली, आठ मई केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर शुक्रवार को चिंता जतायी और अधिकारियों से इस जानलेवा वायरस को फैलने से रोकने के तरीकों पर चर्चा की।
सीएपीएफ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस), एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) आते हैं।
शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इन बलो में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चर्चा हुई। बैठक में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और एनएसजी के महानिदेशकों के अलावा गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि शाह ने सीएपीएफ के सभी बलों के महानिदेशकों के साथ बैठक कर उनके द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की और साथ ही बलों के जवानों में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता जतायी।
उन्होंने इस बलों में वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने और उनके हित/कल्याण के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा की। अभी तक सीएपीएफ के 530 कर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इन बलों के पांच जवानों, बीएसएफ और सीआईएसएफ के दो-दो और सीआरपीएफ के एक जवान की कोविड-19 से मौत हो चुकी है।
फिलहाल बीएसएफ के 221, सीआरपीएफ के 161, सीआईएसएफ के 35, आईटीबीपी के 94 और एसएसबी के कम से कम 17 जवानों का कोरोना वायरस संक्रमण के लिए इलाज चल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 09:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

