एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, ओडिशा में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे उत्तरी राज्य सोमवार को शीतलहर की चपेट में रहे। जम्मू कश्मीर में जहां तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, वहीं पूर्वी राज्य ओडिशा के कुछ हिस्सों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

देश की खबरें | उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, ओडिशा में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे उत्तरी राज्य सोमवार को शीतलहर की चपेट में रहे। जम्मू कश्मीर में जहां तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, वहीं पूर्वी राज्य ओडिशा के कुछ हिस्सों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

कश्मीर में भीषण शीतलहर जारी रही और न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहा। घाटी का सबसे ठंडा स्थान पंपोर नगर के बाहरी इलाके में स्थित कोनीबल रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में तापमान शून्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर शहर में तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 26 दिसंबर तक केंद्र शासित प्रदेश में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने तथा 21-22 दिसंबर की रात को घाटी के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।

पंजाब और हरियाणा भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। फरीदकोट और हिसार में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में सोमवार को तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य सीमा से तीन डिग्री अधिक है।

लुधियाना और पटियाला में भी कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे और वहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.6 डिग्री और 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरदासपुर और बठिंडा में भी रात में ठंड रही और वहां तापमान क्रमश: 3 डिग्री और 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री जबकि रोहतक में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश में भी शीतलहर की स्थिति देखी गई क्योंकि मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर के निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर कड़ाके की ठंड का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया।

आदिवासी जिले लाहौल और स्पीति का ताबो रात में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राज्य की राजधानी शिमला लगातार दूसरी रात सबसे गर्म रही, जहां न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। ‘पहाड़ों की रानी’ में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2017 के बाद से दिसंबर महीने का दूसरा सबसे अधिक तापमान है जब अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस था।

कुफरी और नारकंडा में न्यूनतम तापमान क्रमशः 10.5 डिग्री सेल्सियस और 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, ऊना में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

चूरू में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अलवर में 2.2 डिग्री, सीकर में 2.5 डिग्री, संगरिया और पिलानी में 2.7 डिग्री, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में 3.7 डिग्री, सिरोही में 4.9 डिग्री और गंगानगर में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कड़ाके की ठंड से कोई राहत नहीं मिलने का अनुमान जताया है।

पूर्वी राज्य ओडिशा में कड़ाके की ठंड देखी गई, जहां 15 स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिसमें मयूरभंज जिले का सिमिलिपाल राष्ट्रीय उद्यान एक डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा।

मैदानी इलाकों में स्टील सिटी राउरकेला में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि मयूरभंज, क्योंझर और सुंदरगढ़ जिले के विभिन्न स्थानों पर बर्फ की एक पतली परत जमने की जानकारी सामने आई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 16, 2024 11:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).