विदेश की खबरें | रूस के कजान के स्कूल में गोलीबारी में सात छात्रों की मौत : रूसी गवर्नर

रूस के ततारस्तान रिपब्लिक के गवर्नर रूस्तम मिन्निखानोव ने बताया कि मंगलवार को हुयी गोलीबारी में आठवीं कक्षा के चार छात्र एवं तीन छात्राओं की मौत हो गयी । कजान इस प्रांत की राजधानी है।

मिन्निखानोव ने बताया कि 12 और बच्चे एवं चार व्यस्क इस गोलीबारी में घायल हो गये ।

रूस के सरकारी आरआईए नोवोस्ती समाचार समिति ने इससे पहले स्थानीय आपात अधिकारियों के हवाले से बताया था गोलीबारी में 11 लोग मारे गए हैं।

मिन्निखानोव ने स्कूल के दौरे के बाद कहा '' आतंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है, (वह) 19 वर्ष का है। हथियार उसके नाम पर पंजीकृत है। उसके साथी की पुष्टि नहीं हुई है, जांच की जा रही है। ''

अधिकारियों ने कहा कि मास्को से करीब 700 किलोमीटर दूर स्थित कजान में सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं।

स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि कुछ बच्चों को स्कूल से निकाल लिया गया है लेकिन अन्य अब भी इमारत में हैं।

पुलिस ने घटना की आपराधिक जांच शुरू कर दी है।

रूस में स्कूलों में गोलीबारी होना अपेक्षाकृत दुर्लभ हैं लेकिन हाल के वर्षों में स्कूलों में कई हमले हुए हैं जो अधिकतर छात्रों ने किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)