एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के डोडा में यात्री वाहन के खाई में गिरने से सात लोगों की मौत, 17 घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से एक महिला और एक नाबालिग लड़की समेत सात लोगों की मौत हो गई जबकि 17 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के डोडा में यात्री वाहन के खाई में गिरने से सात लोगों की मौत, 17 घायल

जम्मू, 15 जुलाई जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से एक महिला और एक नाबालिग लड़की समेत सात लोगों की मौत हो गई जबकि 17 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन में उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे।

उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना डोडा शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर पोंडा के पास डोडा-भर्थ मार्ग पर हुई।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे 'टेंपो ट्रैवलर' के चालक ने डोडा-भर्थ मार्ग के एक मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया।

अधिकारियों के मुताबिक मोहम्मद अशरफ (35), मंगता वानी (51), अत्ता मोहम्मद (33), तालिब हुसैन (35) और रफीका बेगम (60) को डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। जबकि पांच वर्षीय उज्मा जान और शकूर दीन (30) ने जम्मू के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया।

अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों ने 17 लोगों को अस्पताल पहुंचाया और उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वाहन के खाई में गिरते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारी भी वहां आए।

डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘डोडा जा रहे वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और इस संबंध में संज्ञान लिया गया है।’’

उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिये नियमानुसार पर्याप्त राहत उपाय तथा घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार का आश्वासन दिया।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।

उपराज्यपाल ने एक शोक संदेश में कहा, ‘‘डोडा में हुए सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु से गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘...प्रशासन को सभी प्रभावितों को तत्काल चिकित्सा सहायता और अन्य सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह से बात की।

सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हर संभव मदद और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। उपायुक्त व्यक्तिगत रूप से पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं और मुझे नियमित अपडेट दे रहे हैं। आवश्यकतानुसार आगे भी सहायता प्रदान की जाएगी।’’

उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस बीच, मंगलवार को डोडा और रामबन जिलों में तीन अन्य सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल में एक सुरंग के अंदर एक वाहन के दूसरे वाहन से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

अधिकारियों के मुताबिक डोडा के भगवा गांव में एक निजी एसयूवी के पलट जाने से एक दंपति घायल हो गए, जबकि रामबन में केला मोड़ सुरंग के अंदर अमरनाथ तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस के लोहे की रेलिंग से टकराने से दो व्यक्ति घायल हो गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 09:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).