देश की खबरें | ‘महाराष्ट्र भूषण’ कार्यक्रम में शामिल हुए सात-आठ लोगों की तेज धूप के कारण मौत : मुख्यमंत्री शिंदे

मुंबई, 16 अप्रैल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि रविवार को नवी मुंबई में आयोजित ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह के दौरान तेज धूप की चपेट में आने के बाद कम से कम सात-आठ लोगों की अस्पतालों में मौत हो गई।

शिंदे ने रविवार रात पत्रकारों से बातचीत में इन मौतों को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया।

उन्होंने कहा, “चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार आज सात-आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 24 का इलाज चल रहा है। यह तेज धूप की चपेट में आने का मामला है।”

शिंदे ने कहा, “करीब 50 लोगों को नवी मुंबई स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 24 अभी भी भर्ती हैं, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद वहां से छुट्टी दे दी गई।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिन में मुंबई शहर के पास खारघर में एक खुले मैदान में अप्पासाहेब धर्माधिकारी को पुरस्कार प्रदान करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित हुए थे।

घटना स्थल के निकटतम मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

शिंदे ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना के चलते अस्पताल में भर्ती हुए लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया किया जाएगा। राज्य सरकार उनके इलाज के लिए अपने खजाने से भुगतान करेगी।”

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लाखों लोग पहुंचे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)