देश की खबरें | धौलपुर मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलेंगी: डॉ. पंवार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पंवार ने बृहस्पतिवार को धौलपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण कार्यक्रम में कहा कि इस कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलेंगी।
धौलपुर, 27 जुलाई केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पंवार ने बृहस्पतिवार को धौलपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण कार्यक्रम में कहा कि इस कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समूचे देश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान समेत पूरे देश में नये मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिससे पेशेवर चिकित्सकों की संख्या बढ़ी है तथा लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री पंवार लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहीं थीं।
उन्होंने कहा कि धौलपुर जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण होने से विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी जिससे धौलपुर की आम जनता के साथ-साथ जिले की सीमाओं से सटे उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश राज्यों के जिलों की जनता को लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही धौलपुर जिले के मेडिकल छात्रों को गृह जिले में ही अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री डॉ. पंवार ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं तथा जनहित के कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को सीकर जिले से वर्चुअल माध्यम से जुडकर धौलपुर मेडिकल कॉलेज समेत सिरोही, चित्तौड़गढ़ एवं श्रीगंगानगर मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण किया तथा झुंझुनू, बारां, बूंदी, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और जैसलमेर में मेडिकल कॉलेजों का शिलान्यास किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. पंवार ने सांकेतिक तौर पर धौलपुर में आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर धौलपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)