एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स ने लगाया 1,159 अंक का गोता, निफ्टी 17,900 के नीचे आया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1,159 अंक लुढ़क गया। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच मासिक वायदा एवं विकल्प खंड में सौदों के निपटान के अंतिम दिन चौतरफा बिकवाली से यह गिरावट आयी।

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स ने लगाया 1,159 अंक का गोता, निफ्टी 17,900 के नीचे आया

मुंबई, 28 अक्टूबर बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1,159 अंक लुढ़क गया। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच मासिक वायदा एवं विकल्प खंड में सौदों के निपटान के अंतिम दिन चौतरफा बिकवाली से यह गिरावट आयी।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,158.63 अंक यानी 1.89 प्रतिशत का गोता लगाकर 59,984.70 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 353.70 अंक यानी 1.94 प्रतिशत लुढ़क कर 17,857.25 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में आईटीसी 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ सर्वाधिक नुकसान में रहा। इसके अलावा, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहें।

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, एल एंड टी, अल्ट्राटेक सीमेंट और एशियन पेंट्स शामिल हैं।

रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी ने कहा, ‘‘उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में प्रमुख वित्तीय और आईटी कंपनियों में तीव्र गिरावट के साथ घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली हुई। इस गिरावट से निवेशकों को 4.5 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी है।’’

उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख खंडवार सूचकांकों में तीव्र गिरावट आयी। निफ्टी पीएसयू बैंक (सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक) में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आयी। कमजोर वैश्विक रुख के बीच वायदा एवं विकल्प खंड में सौदों के निपटान के अंतिम दिन खासकर वित्तीय शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया। हाल में वित्तीय शेयरों में तेजी की वजह से बाजार में मजबूती आयी थी।

एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक, हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान के निक्की में गिरावट रही।

यूरोप के प्रमुख शेयर बाजारों में भी दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.11 प्रतिशत फिसलकर 82.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 28, 2021 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).