एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | ठोस संकेतकों के अभाव में सेंसेक्स स्थिर, निफ्टी में मामूली बढ़त

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को किसी ठोस सकारात्मक संकेतक के अभाव में बीएसई सेंसेक्स स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने से भी बाजार पर असर पड़ा।

जरुरी जानकारी | ठोस संकेतकों के अभाव में सेंसेक्स स्थिर, निफ्टी में मामूली बढ़त

मुंबई, 26 दिसंबर स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को किसी ठोस सकारात्मक संकेतक के अभाव में बीएसई सेंसेक्स स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने से भी बाजार पर असर पड़ा।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 0.39 अंक की नाममात्र की गिरावट के साथ 78,472.48 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 425.5 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी उतार-चढ़ाव के बीच 22.55 अंक की मामूली बढ़त के साथ 23,750.20 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के तीस शेयरों में टाइटन, एशियन पेंट्स, नेस्ले, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, जोमैटो, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, सन फार्मा, भारती एयरटेल और टाटा मोटर्स शामिल हैं।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में वायदा एवं विकल्प खंड में साल के अंतिम सौदों के मासिक निपटान के दिन घरेलू बाजार पूरे कारोबार के दौरान स्थिर रहा। दुनिया के अन्य बाजारों में अवकाश और किसी ठोस संकेतक के अभाव के बीच बाजार स्थिर रहा। हाल में आई गिरावट के बाद वाहन शेयर लाभ में रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, अमेरिकी डॉलर सूचकांक में मजबूती के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी और रुपये की विनिमय दर में गिरावट को लेकर चिंता से बाजार पर असर पड़ा। इसके साथ प्रतिकूल शुल्क दर की आशंका तथा 2025 में नीतिगत दर में कटौती को लेकर चिंता से बाजार स्थिर रहा।’’

छोटी कंपनियों के शेयरों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.24 प्रतिशत टूटा, जबकि मझोली कंपनियों के शेयरों का सूचकांक बीएसई मिडकैप 0.11 प्रतिशत चढ़ा।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा।

यूरोपीय और अमेरिकी बाजार बुधवार को क्रिसमस के मौके पर बंद थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,454.21 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

घरेलू शेयर बाजार बुधवार को क्रिसमस के मौके पर बंद थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.97 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 67.30 अंक टूटा था, जबकि निफ्टी में 25.80 अंक की गिरावट आई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 26, 2024 05:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).