एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों में नरमी से सेंसेक्स 742 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 742 अंक की बड़ी बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच अमेरिका में महंगाई के अनुकूल आंकड़ों के साथ घरेलू बाजारों में उछाल आया।

जरुरी जानकारी | अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों में नरमी से सेंसेक्स 742 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

मुंबई, 15 नवंबर स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 742 अंक की बड़ी बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच अमेरिका में महंगाई के अनुकूल आंकड़ों के साथ घरेलू बाजारों में उछाल आया।

अमेरिका में मुद्रास्फीति को लेकर रिपोर्ट उत्साहजनक होने से केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा नीतिगत दर में और वृद्धि नहीं करने की संभावना बढ़ी है।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 742.06 अंक यानी 1.14 प्रतिशत उछलकर 65,675.93 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह एक समय 813.78 अंक तक चढ़ गया था।

सेंसेक्स के 27 शेयर लाभ में जबकि तीन नुकसान में रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 231.90 अंक यानी 1.19 प्रतिशत बढ़कर 19,675.45 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा सबसे ज्यादा 3.77 प्रतिशत के लाभ में रही। टाटा मोटर्स, इन्फोसिस, विप्रो, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

वहीं बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और पावर ग्रिड नुकसान में रहीं।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख के साथ बाजार में अच्छी शुरुआत हुई। इसका कारण अमेरिका और ब्रिटेन में मुद्रास्फीति में नरमी है। इससे ब्याज दर बढ़ने का सिलसिला बंद होने की उम्मीद है। बॉन्ड प्रतिफल में नरमी इसका उदाहरण है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे उभरते बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों के आकर्षित होने की उम्मीद है। भारत में कंपनियों के वित्तीय परिणाम और त्योहारों के दौरान मांग में बढ़ोतरी को देखते हुए यह अच्छा है। देश में खुदरा मुद्रास्फीति में नरमी से भी धारणा बेहतर हुई है। आईटी, रियल्टी, तेल एवं गैस, धातु और वाहन की अगुवाई में तेजी चौतरफा रही।’’

बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.13 प्रतिशत उछला जबकि मिडकैप में 0.91 प्रतिशत की तेजी रही।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.83 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,244.44 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

शेयर बाजार मंगलवार को बलि प्रतिपदा के मौके पर बंद रहे थे।

इससे पहले, बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 325.58 अंक और निफ्टी 82 अंक नीचे आया था।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में चार माह के निचले स्तर 4.87 प्रतिशत पर आ गयी। मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं के दाम में नरमी से महंगाई कम हुई है।

वहीं थोक मुद्रास्फीति में लगातार सातवें महीने गिरावट आई और यह शून्य से 0.52 प्रतिशत नीचे रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2023 06:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).