जरुरी जानकारी | आईटी शेयरों में लिवाली, विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से सेंसेक्स 454 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 454 अंक से अधिक के लाभ में रहा। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के ताजा पूंजी प्रवाह के बीच सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों... टीसीएस और इन्फोसिस में लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
मुंबई, छह फरवरी स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 454 अंक से अधिक के लाभ में रहा। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के ताजा पूंजी प्रवाह के बीच सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों... टीसीएस और इन्फोसिस में लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स की शुरुआत अच्छी रही और यह 454.67 अंक यानी 0.63 प्रतिशत चढ़कर 72,186.09 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 529.98 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 157.70 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,929.40 अंक पर बंद हुआ।
विश्लेषकों के अनुसार, चीन के बाजारों में तेजी आने से भी धारणा मजबूत हुई। सोमवार की भारी गिरावट के बाद चीनी बाजार चार प्रतिशत तक उछल गये। इसका कारण एक सरकारी निवेश कोष का बयान है जिसमें उसने कहा कि वह शेयर खरीद बढ़ाएगा।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग बाजारों पर चर्चा करने के लिए अधिकारियों से मिलने वाले हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार में धारणा सकारात्मक रही और यह बढ़त में बंद हुआ। निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक से पहले अपना निवेश कम करने को इच्छुक नहीं हैं। ऐसी संभावना है कि आरबीआई की मौद्रिक नीति में नीतिगत दर को लेकर रुख उदार होगा। इससे बॉन्ड बाजार में धारणा मजबूत हुई।’’
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में मौद्रिक नीति समिति की तीन दिन की बैठक मंगलवार को शुरू हुई। समिति बृहस्पतिवार को मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति, विप्रो, लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक बैंक, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
भारती एयरटेल का तिमाही परिणाम बेहतर रहने से कंपनी का शेयर दो प्रतिशत से अधिक के लाभ में रहा। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ दिसंबर तिमाही में 54 प्रतिशत उछलकर 2,442.2 करोड़ रुपये रहा है।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व और एक्सिस बैंक शामिल हैं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘बैंक को छोड़कर सभी प्रमुख क्षेत्रों में लिवाली देखी गयी। इससे दोनों प्रमुख सूचकांकों में तेजी आई।’’
बीएसई स्मॉलकैप 1.23 प्रतिशत मजबूत हुआ, जबकि मिडकैप 1.06 प्रतिशत के लाभ में रहा।
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तथा जापान का निक्की नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को नुकसान में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 518.88 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स सोमवार को 354.21 अंक और निफ्टी 82.10 अंक के नुकसान में रहा था।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 06, 2024 06:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

