एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रिलायंस, एलएंडटी में तेजी से सेंसेक्स 351 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को अच्छी तेजी रही और पिछले तीन दिन की गिरावट से उबरते हुए बीएसई सेंसेक्स 351 अंक के लाभ के साथ बंद हुआ। ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच बुनियादी ढांचा, बैंक और पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती रही।

जरुरी जानकारी | रिलायंस, एलएंडटी में तेजी से सेंसेक्स 351 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

मुंबई, 26 जुलाई घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को अच्छी तेजी रही और पिछले तीन दिन की गिरावट से उबरते हुए बीएसई सेंसेक्स 351 अंक के लाभ के साथ बंद हुआ। ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच बुनियादी ढांचा, बैंक और पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती रही।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 351.49 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66,707.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 541.56 अंक उछलकर 66,897.27 अंक तक चला गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 97.70 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,778.30 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो तीन प्रतिशत से अधिक चढ़ा। इसके अलावा आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, इन्फोसिस और भारतीय स्टेट बैंक भी प्रमुख रूप से लाभ में रहें।

बुनियादी ढांचा क्षेत्र की लार्सन एंड टुब्रो ने मंगलवार को कहा कि उसका शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 36 प्रतिशत बढ़कर 3,116.12 करोड़ रुपये रहा है। उसके बाद कंपनी का शेयर चढ़ा है।

नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स और टाइटन शामिल हैं।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बाजार में तीन दिन की सुस्ती के बाद अमेरिकी रिजर्व बैंक फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले बाजार में भरोसा देखने को मिला है।

उन्होंने कहा, ‘‘मौद्रिक नीति समीक्षा के बाद इसको लेकर बाजार में चीजें अब स्पष्ट हो जाने की उम्मीद है। साथ ही 2023 में फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में और वृद्धि की संभावना नहीं है। इसका कारण मुद्रास्फीति का तेजी से नीचे आना है।’’

बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.34 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 0.22 प्रतिशत मजबूत हुए।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने 1,088.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2023 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).