जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में जबर्दस्त लिवाली से सेंसेक्स, निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

मुंबई, 23 मई भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से रिकॉर्ड लाभांश भुगतान की मंजूरी दिए जाने के बीच बृहस्पतिवार को बैंक, पेट्रोलियम एवं वाहन कंपनियों के शेयरों में जबर्दस्त लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार के दोनों मानक सूचकांक अपने अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।

बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों ही सूचकांकों ने 1.6 प्रतिशत से अधिक की छलांग लगाई और नए रिकॉर्ड के साथ बंद हुए।

बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स ने 29 जनवरी के बाद की अपनी सबसे ऊंची छलांग लगाई और 1,196.98 अंक के लाभ के साथ यह 75,418.04 अंक के अपने अबतक के सबसे ऊंचे मुकाम पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,278.85 अंक यानी 1.72 प्रतिशत बढ़कर 75,499.91 के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर भी गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी इस जबर्दस्त तेजी का फायदा उठाते हुए नया रिकॉर्ड बनाया। निफ्टी 369.85 अंक यानी 1.64 प्रतिशत बढ़कर 22,967.65 अंक के अपने उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 395.8 अंक यानी 1.75 प्रतिशत उछलकर 22,993.60 के नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था।

सेंसेक्स की कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से बढ़त के साथ बंद हुईं।

दूसरी तरफ सन फार्मा, पावरग्रिड और एनटीपीसी के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

विश्लेषकों के मुताबिक, घरेलू शेयर बाजार में इस बड़े उछाल के पीछे रिजर्व बैंक के रिकॉर्ड लाभांश भुगतान के निर्णय ने अहम भूमिका निभाई। रिजर्व बैंक ने बुधवार को फैसला किया था कि वह वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सरकार को रिकॉर्ड 2.1 लाख करोड़ रुपये का लाभांश देगा, जो बजटीय उम्मीद से भी दोगुना है। इससे नई सरकार को अपना राजस्व आधार बढ़ाने में मदद मिलेगी।

एक्सिस सिक्योरिटीज के प्रमुख (बुनियादी एवं मात्रात्मक शोध) नीरज चदावर ने कहा, ‘‘रिकॉर्ड लाभांश भुगतान को मंजूरी देने के बाद शेयर बाजार में उत्साह था। यह बेहतर राजकोषीय स्थिति और नरम बॉन्ड प्रतिफल की ओर इशारा करता है। अगर चुनाव के नतीजे बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रहते हैं, तो हमें उम्मीद है कि जून के पहले सप्ताह में निफ्टी नई ऊंचाई पर पहुंच जाएगा।''

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट पर रहे।

यूरोप के अधिकांश बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को नकारात्मक दायरे में बंद हुए थे।

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ‘‘भारतीय रिजर्व बैंक का 2.1 लाख करोड़ रुपये के लाभांश भुगतान की घोषणा के बाद निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। यह बाजार के लिए व्यापक-आर्थिक नजरिये से बेहद सकारात्मक है। इसका राजकोषीय घाटे और बॉन्ड प्रतिफल पर सीधा असर होगा।“

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत चढ़कर 82.17 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 686.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

बुधवार को सेंसेक्स 267.75 अंक चढ़कर 74,221.06 अंक पर और निफ्टी 68.75 अंक बढ़कर 22,597.80 अंक पर बंद हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

T20 World Cup 2026 Semi Final Schedule: वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में भारत, 5 मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत; यहां देखें पूरा शेड्यूल

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें IND बनाम WI मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 3rd ODI Match Video Highlights: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 185 रनों से रौंदा, सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप; यहां देखें AUS W बनाम IND W मैच का वीडियो हाइलाइट्स

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: कोलकाता में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 196 रनों का टारगेट, रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\