जरुरी जानकारी | आईटी शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स, निफ्टी हल्की गिरावट के साथ बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में बिकवाली होने से बृहस्पतिवार को स्थानीय शेयर बाजारों में हल्की गिरावट रही। दो दिनों की तेजी के बाद दोनों मानक सूचकांक गिरकर बंद हुए।
मुंबई, 12 अक्टूबर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में बिकवाली होने से बृहस्पतिवार को स्थानीय शेयर बाजारों में हल्की गिरावट रही। दो दिनों की तेजी के बाद दोनों मानक सूचकांक गिरकर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 64.66 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66,408.39 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स बढ़त के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में यह 66,577.60 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया लेकिन बाद में यह गिरकर 66,342.53 अंक के निचले स्तर तक आ गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का मानक सूचकांक निफ्टी भी 17.35 अंक यानी 0.09 प्रतिशत गिरकर 19,794 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 19,772.65 अंक से लेकर 19,843.30 अंक के दायरे में रहा।
विश्लेषकों के मुताबिक, दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के बुधवार को आए दूसरी तिमाही के नतीजे निवेशकों में भरोसा जगाने में नाकाम रहे। टीसीएस ने कहा है कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 8.7 प्रतिशत और राजस्व आठ प्रतिशत बढ़ा है। लेकिन जून तिमाही की तुलना में यह बढ़ोतरी नगण्य है।
मिले-जुले तिमाही नतीजे आने के बाद देश के सबसे बड़े सॉफ्टवेयर निर्यातक टीसीएस के शेयरों में 1.89 प्रतिशत की गिरावट आई। इसका असर अन्य आईटी कंपनियों के शेयरों पर भी पड़ा।
सेंसेक्स के शेयरों में इन्फोसिस को सबसे ज्यादा 2.29 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा। इसी तरह एचसीएल टेक्नोलॉजीज में भी 1.75 प्रतिशत की गिरावट आई।
बजाज फाइनेंस, नेस्ले, कोटक बैंक, एसबीआई, भारती एयरटेल एलएंडटी और एशियन पेंट्स के शेयर भी मुनाफावसूली के असर में गिर गए।
दूसरी तरफ मारुति सुजुकी के शेयर में 1.73 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा स्टील में भी तेजी रही।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त लेकर बंद हुए।
अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन के शेयर बाजारों में भी शुरूआती कारोबार में तेजी का रुख बना था।
इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भारतीय बाजार से पूंजी की निकासी जारी रखी है। बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, एफआईआई ने बुधवार को शुद्ध रूप से 421.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2023 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

