जरुरी जानकारी | सेंसेक्स, निफ्टी नये रिकार्ड उच्चस्तर पर, आईटी, फार्मा कंपनियों में लिवाली का जोर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख के बीच आईटी, फार्मा और ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली से शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गए।
मुंबई, 11 जून वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख के बीच आईटी, फार्मा और ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली से शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स आज कारोबार के दौरान 52,641.53 अंक के अपने रिकॉर्डस्तर को छूने के बाद अंत में 174.29 अंक या 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,474.76 अंक के अब तक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 61.60 अंक या 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 15,799.35 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में डॉ. रेड्डीज का शेयर सबसे अधिक 3.03 प्रतिशत चढ़ गया। पावरग्रिड, टीसीएस, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टेक महिंद्रा के शेयर भी लाभ में रहे।
वहीं, दूसरी ओर एलएंडटी, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनवर्स, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और आईटीसी के शेयर 1.07 प्रतिशत तक टूट गए।
सप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 374.71 अंक या 0.71 प्रतिशत चढ़ा है। वहीं निफ्टी 129.10 अंक या 0.82 प्रतिशत के लाभ में रहा है।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच भारतीय बाजार आज सकारात्मक दायरे में रहे। अमेरिका के सीपीआई के आंकड़े बृहस्पतिवार को आए हैं जिससे मुद्रास्फीति को लेकर चिंता कम हुई है।’’
नायर ने कहा कि यूरोपीय केंद्रीय बैंक ने अपने वृद्धि दर के अनुमान को बढ़ा दिया है जिससे वैश्विक धारणा को और समर्थन मिला।
रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी ने कहा, ‘‘स्थानीय बाजारों में बढ़त का सिलसिला जारी रहा और निफ्टी और सेंसेक्स आज अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए।’’
उन्होंने कहा कि आईटी, धातु के अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज में जोरदार लाभ से बाजार को समर्थन मिला। आर्थिक गतिविधियों में सुधार तथा सरकार की ओर से चालू वित्त वर्ष के लिए पूंजीगत व्यय कार्यक्रम को शुरू करने के संकेत से बाजार धारणा को बल मिला।
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप 0.40 प्रतिशत तक चढ़ गए।
अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान के निक्की में गिरावट रही। वहीं हांगकांग के हैंगसेंग तथा दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में लाभ रहा। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार लाभ में थे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 0.22 प्रतिशत बढ़कर 72.68 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में रुपया एक पैसे के नुकसान से 73.07 रुपये प्रति डॉलर पर रहा।
शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 1,329.70 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।
अजय
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2021 06:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

