एजेंसी न्यूज

सेंसेक्स ने शुरुआती बढ़त गंवाई, 63 अंक टूटा

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 414.11 अंक तक चढ़ गया था। अंत में यह 63.29 अंक या 0.21 प्रतिशत के नुकसान से 30,609.30 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स ने शुरुआती बढ़त गंवाई, 63 अंक टूटा

मुंबई, 26 मई बीएसई सेंसेक्स ने मंगलवार को शुरुआती बढ़त गंवा और यह 63 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ। देश में कोविड-19 के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के बीच आगे चलकर लॉकडाउन उपायों को लेकर अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 414.11 अंक तक चढ़ गया था। अंत में यह 63.29 अंक या 0.21 प्रतिशत के नुकसान से 30,609.30 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 10.20 अंक या 0.11 प्रतिशत के नुकसान से 9,029.05 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक छह प्रतिशत टूट गया।

टीसीएस, बजाज फाइनेंस, सनफार्मा, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं दूसरी ओर टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, नेस्ले इंडिया और आईटीसी में लाभ दर्ज हुआ।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘शुरुआती कारोबार में एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ खुलने के बाद बाजार नकारात्मक रुख के साथ लगभग स्थिर बंद हुआ। अतिरिक्त प्रोत्साहन उपायों और धीरे-धीरे वैश्विक अर्थव्यवस्था खुलने के बीच दुनिया के अन्य बाजारों का रुख सकारात्मक था।’’

उन्होंने कहा कि भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इससे लॉकडाउन को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 1,45,380 हो गई है। अब तक यह महामारी 4,167 लोगों की जान ले चुकी है। वैश्विक स्तर पर इस वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 54.95 लाख पर पहुंच गया है।

अन्य एशियाई बाजारों में चीन में शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार 1.76 प्रतिशत तक के लाभ में थे।

ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 36.09 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में रुपया 29 पैसे की बढ़त के साथ 75.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2020 04:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).