जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 36 अंक टूटा, निफ्टी में 9.65 अंक की मामूली बढ़त; आईटी शेयर नुकसान में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगभग स्थिर बंद हुए। आईटी और रियल्टी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली ने धातु और तेल एवं गैस शेयरों में लाभ को बेअसर किया।
मुंबई, 10 अगस्त उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगभग स्थिर बंद हुए। आईटी और रियल्टी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली ने धातु और तेल एवं गैस शेयरों में लाभ को बेअसर किया।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 35.78 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,817.29 अंक पर बंद हुआ।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9.65 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 17,534.75 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान ज्यादातर समय बाजार सीमित दायरे में रहा। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच निवेशकों ने अपने निवेश को सीमित स्तर पर रखा।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका के मुद्रास्फीति आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। महंगाई के आंकड़ों से फेडरल रिजर्व (अमेरिकी केंद्रीय बैंक) के रुख का पता चलेगा।’’
नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका में महंगाई दर जुलाई में ऊंची रहने का अनुमान है। यह जून के आंकड़े के समान होगा। इसके साथ रोजगार के बेहतर आंकड़े से फेडरल रिजर्व महंगाई को काबू में लाने के लिये कड़ा रुख अपनाने को बाध्य होगा।’’
सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फाइनेंस सबसे अधिक 2.66 प्रतिशत के नुकसान में रहा। इसके अलावा एनटीपीसी, एचसीएल टेक, विप्रो, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारतीय स्टेट बैंक भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और इंडसइंड बैंक शामिल हैं।
शेयर बाजार मंगलवार को मुहर्रम के कारण बंद था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा कि क्षेत्रवार सूचकांकों में धातु और पूंजीगत सामान क्षेत्र सर्वाधिक लाभ में, जबकि आईटी तथा रियल्टी क्षेत्र सबसे अधिक नुकसान में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप का प्रदर्शन हल्का रहा...।’’
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी उल्लेखनीय रूप से नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में हल्की तेजी थी।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.30 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 1,449.70 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 16 पैसे चढ़कर 79.47 (अस्थायी) पर रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 10, 2022 08:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

