एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 689 अंक की छलांग से नए उच्चस्तर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच इन्फोसिस, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली से शुक्रवार को सेंसेक्स 689 अंक की छलांग लगाकर अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 689 अंक की छलांग से नए उच्चस्तर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

मुंबई, आठ जनवरी वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच इन्फोसिस, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली से शुक्रवार को सेंसेक्स 689 अंक की छलांग लगाकर अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 689.19 अंक या 1.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,782.51 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान इसने 48,854.34 अंक का अपना सर्वकालिक उच्चस्तर भी छुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 209.90 अंक या 1.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,347.25 अंक के अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 14,367.30 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर तक गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति का शेयर सबसे अधिक करीब छह प्रतिशत चढ़ गया। टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड और एनटीपीसी के शेयर भी लाभ में रहे।

वहीं दूसरी ओर इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईटीसी और एचडीएफसी के शेयरों में गिरावट रही।

रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीतिक प्रमुख विनोद मोदी ने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडन की जीत की पुष्टि कर दी है। इससे वहां अधिक बड़ा प्रोत्साहन पैकेज दिए जाने की उम्मीद बढ़ी है। इन घटनाक्रमों से वैश्विक बाजारों में तेजी आई।

अन्य एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी उल्लेखनीय लाभ के साथ बंद हुए। चीन के शंघाई कम्पोजिट में गिरावट रही। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार लाभ में थे।

इस बीच, वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 0.59 प्रतिशत के लाभ से 54.70 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

अजय

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 08, 2021 04:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).