जरुरी जानकारी | आईटी, बैंक शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 515 अंक की छलांग के साथ फिर 59,000 अंक के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सूचना प्रौद्योगिकी, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में जोरदार लिवाली तथा विदेशी कोषों के सतत प्रवाह से बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 515 अंक चढ़कर 59,000 अंक के पार निकल गया।
मुंबई, 11 अगस्त सूचना प्रौद्योगिकी, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में जोरदार लिवाली तथा विदेशी कोषों के सतत प्रवाह से बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 515 अंक चढ़कर 59,000 अंक के पार निकल गया।
बीएसई का तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 515.31 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,332.60 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 124.25 अंक 0.71 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,659 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में एक्सिस बैंक में सबसे अधिक 2.75 प्रतिशत की बढ़त रही। बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी, टेक महिंद्रा, विप्रो, एसबीआई, टीसीएस और इंडसइंड बैंक के शेयर भी लाभ में रहे।
दूसरी तरफ आईटीसी, एनटीपीसी, एचयूएल, भारती एयरटेल, मारुति और नेस्ले इंडिया के शेयर गिरावट लेकर बंद हुए।
कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘पिछले कुछ सत्रों में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और स्थानीय बाजार में विदेशी निवेशकों के प्रवाह से कारोबारी उत्साहित हैं।’’
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह के दौरान जिंसों कीमतों में सुधार हुआ है, जिससे ऊंची मुद्रास्फीति से कुछ राहत मिली है।
इसके अलावा व्यापक बाजार में बीएसई का मिडकैप 0.83 प्रतिशत और स्मॉलकैप 0.52 प्रतिशत चढ़ गया।
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कंपोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा। वहीं, यूरोप के प्रमुख बाजार गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
कारोबारियों के अनुसार, घरेलू बाजारों में तेजी को वैश्विक बाजारों और विशेष रूप से अमेरिकी बाजार और बाद में एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख से समर्थन मिला।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 1,061.88 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.92 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 98.30 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2022 05:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

