जरुरी जानकारी | सेंसेक्स में दो दिन की गिरावट थमी, 403 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. खुदरा मुद्रास्फीति के 11 माह में पहली बार छह प्रतिशत के स्तर से नीचे आने से उत्साहित स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी देखी गई और दोनों प्रमुख सूचकांक अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए।
मुंबई, 13 दिसंबर खुदरा मुद्रास्फीति के 11 माह में पहली बार छह प्रतिशत के स्तर से नीचे आने से उत्साहित स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी देखी गई और दोनों प्रमुख सूचकांक अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 402.73 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 62,533.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय इसमें 437.35 अंक तक उछाल दर्ज किया गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 110.85 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,608 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व लाभ में रहे।
वहीं, नेस्ले इंडिया, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी और टाइटन के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
अन्य एशियाई बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे, जबकि चीन के शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में गिरावट आई।
यूरोप के शेयर बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार भी सोमवार को लाभ में बंद हुए थे।
विश्लेषकों का कहना है कि घरेलू शेयर बाजारों में खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े छह प्रतिशत के नीचे आने से निवेशक उत्साहित दिखे। नवंबर में खुदरा मुद्रास्फीति 5.88 प्रतिशत रही है जो पिछले 11 माह का निचला स्तर है।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.60 प्रतिशत चढ़कर 79.24 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भारतीय बाजारों से निकासी जारी रखी है। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को विदेशी निवेशकों ने 138.81 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 13, 2022 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

